Punjab Local Body Elections : 2027 विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल माने जा रहे निकाय चुनाव

0
161
Punjab Local Body Elections : 2027 विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल माने जा रहे निकाय चुनाव
Punjab Local Body Elections : 2027 विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल माने जा रहे निकाय चुनाव

निकाय चुनाव के नतीजे राजनैतिक दलों को बताएंगे 90 विधानसभा सीटों पर किसका कितना है दम

Punjab Local Body Elections (आज समाज), चंडीगढ़। पंजाब में होने जा रहे निकाय के चुनावों को वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा है। राजनैतिक दल अपने पार्टी के उम्मीदवारों को जीताने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे है। सूबे में 26 मई को 105 नगर निगम, नगर परिषद व नगर पंचायत के चुनाव होने है। इन चुनावों को सियासी अखाड़ा माना जा रहा है। क्योंकि इन चुनावों के नतीजों से राजनैतिक दलों के नेताओं को पता चल जाएगा कि किस वार्ड में उनकी पार्टी का कितना रसूख है।

इसके अलावा पार्टी के नेताओं को यह भी पता चलेगा कि कहां पर पार्टी कमजोर है। ऐसे में राजनैतिक दलों को विधानसभा चुनावों के दौरान अपना सियासी गणित बिठाने में आसानी होगी। इसके अलावा निकाय चुनावों के नतीजें पार्टी को इस बारे में भी आगाह कर देगी कि पार्टी कहां मजबूत है और कहां पर पार्टी को अभी और ज्यादा मेहनत करने की जरूरत है।

117 में से 90 सीटों पर निकाय चुनाव डालेंगे प्रभाव

यह निकाय चुनाव इस लिए भी अहम माने जा रहे है क्योंकि सूबे की 117 विधानसभा सीटों में से 90 विधानसभा सीटों के बारे में राजनीतिक दलों को बताएंगे। इसके अलावा यह भी पता चल सकेगा कि किस पार्टी की शहरी क्षेत्र और किस की ग्रामीण क्षेत्र में पकड़ मजबूत है। सभी राजनीतिक दल इन निकाय चुनावों को विधानसभा चुनाव से पहले सत्ता के सेमीफाइनल के तौर पर देखते हुए मैदान में उतरेंगे और जीत के लिए पूरी ताकत झोंकेंगे, क्योंकि आठ महीने बाद पंजाब में विधानसभा चुनाव होने हैं। ये चुनाव सभी दलों के लिए इसलिए अहम हैं, क्योंकि ये चुनाव सीधे तौर पर एक करोड़ से अधिक शहरी मतदाताओं और 90 हलकों की सियासत पर केंद्रित हैं।

पक्के वोटरों को लेकर भी हो रहा मंथन

पंजाब में राजनीतिक दलों के लिए शहरी वोटर बहुत अहम माने जाते हैं। भाजपा इन चुनावों को इसलिए खासा गंभीरता से ले रही है, क्योंकि अधिकतर गैर-सिख आबादी शहरों में ही बसती है, जिसे पंजाब में भाजपा अपनी ताकत मानती है। हालांकि भाजपा ने पिछले दिनों कुछ सिख व पंथक नेताओं को पार्टी में शामिल कर अपना फोकस सिख वोटरों पर भी बढ़ाया है, लेकिन पार्टी का मुख्य सियासी केंद्र गैर-सिख वोटर ही हैं।

इसी तरह पंथक पार्टी शिरोमणि अकाली दल की स्थिति ग्रामीण सिख वोटरों के बीच ठीक है। आप और कांग्रेस की बात करें तो ये दोनों दल शहरों और ग्रामीण इलाकों में अपनी अच्छी पैठ रखते हैं। आप इस वक्त सत्तारूढ़ है, जबकि कांग्रेस भी अपने वोटरों के सहारे है।

रणनीति बनाने वालों ने अपना काम शुरू किया

चुनावी प्रक्रिया के तहत नामांकन प्रक्रिया खत्म हो चुकी है और अब दलों के जो मतदाता मैदान में हैं, उन्हें जितवाने के लिए पार्टी के रणनीति बनाने वालों ने अपना काम शुरू कर दिया है। इस दौरान पिछले चुनावों की समीक्षा की जा रही है, तो वहीं वार्डवाइज मुद्दों की जमीन भी तैयार की जा रही है। ताकि चुनावी गणित को सटीक बिठाया जा सके।उम्मीदवार द्वारा कुछ कामन मुद्दों के साथ-साथ हर वार्ड के अलग-अलग मुद्दों पर चुनाव लड़ा जाना है। हालांकि भाजपा और आप अपनी केंद्र व प्रदेश स्तरीय नीतियों व एजेंडे को भी आगे रखेंगी, वहीं कांग्रेस और शिअद के निशाने पर आप सरकार रहेगी।

  • TAGS
  • [post_tags]