Punjab Bus Accident: पंजाब के नवांशहर जिले के बंगा में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हुआ। बंगा-फगवाड़ा नेशनल हाईवे पर माजरी गांव के पास लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के छात्रों और अन्य यात्रियों से भरी एक निजी बस पुल से नीचे गिरकर पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 यात्री घायल हुए हैं। हादसा सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
मनाली से अमृतसर लौट रही थी बस
जानकारी के मुताबिक निजी कंपनी की बस मनाली से अमृतसर जा रही थी। बस में बड़ी संख्या में LPU के छात्र-छात्राएं और मनाली से लौट रहे कुछ अन्य पर्यटक सवार थे। बंगा फ्लाईओवर पार करने के बाद माजरी गांव के पास उतरते समय बस अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरी और पलट गई। हादसे के बाद कई यात्री बस के अंदर फंस गए, जिन्हें पुलिस और राहत दलों ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
बस कंडक्टर और LPU छात्रा की मौत
हादसे में मरने वालों में बस कंडक्टर खेम सिंह और LPU की छात्रा जशिना जोसेफ शामिल हैं। तीसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। हादसे में 21 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि तीन यात्रियों की हालत गंभीर बताई गई है। गंभीर रूप से घायल जतिन और संजय को उपचार के लिए दयानंद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMC), लुधियाना रेफर किया गया है। वहीं अमृतसर निवासी विशाल टुल्ली का इलाज गुरु नानक मिशन अस्पताल, दाहन कलेरां में चल रहा है।
नींद की झपकी की आशंका, जांच जारी
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की ओर से आशंका जताई गई कि वाहन चलाते समय ड्राइवर को नींद की झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित हुई। हालांकि पुलिस ने अभी हादसे की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। एक छात्र के लापता होने की बात भी सामने आई थी, लेकिन इस संबंध में स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है। पुलिस और बचाव दलों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।


