Punjab News: सांसद अमृतपाल सिंह ने फिर मांगी जमानत, रिश्तेदार के लिए पेरोल, कोर्ट ने सरकार से मांगा जवाब

0
88

Punjab News: पंजाब से सांसद अमृतपाल सिंह ने अपनी दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार और अन्य धार्मिक रस्मों में शामिल होने के लिए एक बार फिर अदालत का रुख किया है। उनकी लीगल टीम ने रविवार को अमृतपाल सिंह और उनके दो रिश्तेदारों की ओर से नई अर्जियां दाखिल कर तीन दिन की अंतरिम जमानत और पैरोल की मांग की है।

14 नवंबर को आदेश निष्प्रभावी

इससे पहले 13 नवंबर को मिली तीन घंटे की अंतरिम जमानत का आदेश 14 नवंबर को निष्प्रभावी हो गया था। अब नई अर्जियों पर सुनवाई करते हुए अदालत ने पंजाब सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। उम्मीद है कि मंगलवार को सरकार अपना पक्ष रखेगी। इसके बाद, अदालत जमानत याचिकाओं पर फैसला ले सकती है।

21-23 नवंबर के लिए मांगी जमानत

अमृतपाल सिंह के वकील हरजोत मान के मुताबिक, नई याचिका में सांसद के लिए 21 से 23 नवंबर तक तीन दिन की अंतरिम जमानत मांगी गई है। इस दौरान अमृतपाल अपनी दादी के अंतिम संस्कार, अस्थियों के संग्रह और भोग की रस्म में शामिल होना चाहते हैं। वकील ने उम्मीद जताई है कि इस बार अदालत अमृतपाल को पहले मिली तीन घंटे की राहत के बजाय तीन दिन की अंतरिम जमानत दे सकती है।

अंतिम संस्कार का कार्यक्रम

21 नवंबर – दादी का अंतिम संस्कार

22 नवंबर – अस्थियों का संग्रह

23 नवंबर – भोग समारोह

क्यों निष्प्रभावी हुआ पहला आदेश?

वकील हरजोत मान ने बताया कि अदालत ने 13 नवंबर को अमृतपाल सिंह को तीन घंटे की अंतरिम जमानत दी थी, लेकिन 14 नवंबर को यह आदेश निष्प्रभावी हो गया। डिब्रूगढ़ जेल प्रशासन की ओर से इस संबंध में ईमेल भी भेजा गया था। चूंकि पुराने आदेश में अब बदलाव संभव नहीं था, इसलिए कानूनी टीम को नए आधार पर दोबारा आवेदन दाखिल करना पड़ा।

चाचा के लिए भी मांगी जमानत

अमृतपाल सिंह के चाचा हरजीत सिंह के लिए भी तीन दिन की अंतरिम जमानत की मांग की गई है। वह इस समय बठिंडा जेल में बंद हैं। इससे पहले उन्हें 14 नवंबर को अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जाल्लूपुर खेड़ा लाया गया था, लेकिन अंतिम संस्कार का कार्यक्रम स्थगित हो गया था। वकील के अनुसार, 13 नवंबर को ही बठिंडा जेल प्रशासन को ईमेल के जरिए कार्यक्रम स्थगित होने की जानकारी दे दी गई थी। अब नई याचिका में हरजीत सिंह को 21, 22 और 23 नवंबर के कार्यक्रमों में शामिल होने की अनुमति देने की मांग की गई है।

चचेरे भाई के लिए पैरोल की अर्जी

इस मामले में अमृतपाल सिंह के चचेरे भाई सुखमनप्रीत सिंह के लिए भी अलग से आवेदन दाखिल किया गया है। वह मानसा जेल में बंद हैं। उनके लिए 21 से 23 नवंबर तक तीन दिन की पैरोल मांगी गई है।

कोर्ट ने सरकार से मांगा जवाब

तीनों अर्जियों पर अदालत ने पंजाब सरकार से जवाब मांगा है। सरकार का पक्ष सामने आने के बाद अदालत तय करेगी कि अमृतपाल सिंह और उनके रिश्तेदारों को पारिवारिक कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए राहत दी जाए या नहीं। फिलहाल इस मामले में अगली सुनवाई अहम मानी जा रही है।

  • TAGS
  • [post_tags]