Punjab News: पंजाब से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। गुरदासपुर जिले में मानकौर बाईपास के पास एक पुलिस हेड कांस्टेबल का शव मिला है, जिसके सिर पर चोट के निशान हैं। मृतक के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है।
पंजाब पुलिस में हेड कांस्टेबल
मृतक की पहचान 42 वर्षीय हेड कांस्टेबल विनोद कुमार के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, विनोद कुमार के परिजनों ने बताया कि रविवार रात ड्यूटी से लौटते समय कुमार ने अपने भाई को फोन किया था और कहा था कि बाईपास इलाके से वह उसे अपने साथ ले चले।
कॉल कर रिसीव करने को कहा
मृतक के भाई ने बताया कि बस स्टैंड पहुंचने के बाद उसने विनोद से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने बसों में भी उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। एक घंटे से अधिक समय तक तलाश करने के बाद परिजनों को बाईपास के पास विनोद का शव मिला।
PM में पता चलेगा मौत का कारण
पुलिस ने बताया कि मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, विनोद के सिर पर चोट के निशान थे। परिजनों को आशंका है कि विनोद की गोली मारकर हत्या की गई है। हालांकि, पुलिस ने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।


