मनाली. देश ही महामहीम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मनाली के दौरे पर जाने वाली हैं. उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. 6 अक्टूबर को राष्ट्रपति के दोपहर में मनाली पहुंचने का कार्यक्रम है. एक दिन बाद 7 अक्टूबर तक उनको मनाली में रुकना है. इसके बाद 8 अक्टूबर की सुबह वह मनाली से रवाना होंगी. जब तक राष्ट्रपति मनाली के दौरे पर रहेंगी इस दौरान ड्रोन और पैराग्लाइडिंग के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा.
आपको बता दें कि राष्ट्रपति के दौरे को लेकर उपायुक्त अमित कुमार ने शुक्रवार खास बैठक की. मनाली के पर्यटन कारोबारियों, नगर परिषद, ऑटो यूनियन, टैक्सी यूनियन और होटलियर एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ इस मीटिंग को किया गया था. इस बैठक को करने के बाद मीडिया के साथ बातचीत में व्यवस्था की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर किए गए प्रबंध किए गए हैं. इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिषेक भी मौजूद रहे.
राष्ट्रपति के मनाली पहुंचने के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जगह-जगह पर नाके बनाएं जाएंगे. जहां भी जरूरत होगी उस रूट पर यातायात रोका जाएगा. 6 अक्टूबर को दोपहर तक राष्ट्रपति के मनाली पहुंचने का कार्यक्रम है. 7 अक्टूबर को वह अटल टनल का अवलोकन करने जाएंगी. दोपहर बाद फिर मनाली लौटेंगी. इसके बाद राष्ट्रपति हिडिंबा मंदिर जाकर माता हिडिंबा के दर्शन करेंगी और फिर सर्किट हाउस लौटेंगी. प्रशासन ने राष्ट्रपति के प्रवास को देखते हुए कुछ खास इंतजाम किए हैं. मनाली को नौ सेक्टरों में बांटा है. सभी संबंधित विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं. प्रोटोकॉल के अनुसार सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
मनाली के पर्यटन कारोबारियों से एक खास अपील की गई है. उन्होंने बताया गया कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान प्रशासन की ओर से जारी ट्रैफिक प्लान का पालन किया जाए. उन्होंने कारोबारियों से पर्यटकों को भी यातायात व्यवस्था की जानकारी देने और उनका मार्गदर्शन करने का आग्रह किया. पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने बताया कि राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए करीब 600 जवान तैनात किए गए हैं. जगह-जगह नाके लगाए जाएंगे और सुरक्षा की दृष्टि से चेकिंग भी की जाएगी. एसपी ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था के कारण पर्यटकों और स्थानीय लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो. इसके लिए सभी से प्रशासन और पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई है.


