
पांवटा साहिब. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की सीमा पर स्थित पांवटा साहिब से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई. बताया जा रहा है कि यमुना कुल्हाल पुल पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. इसमें तीन युवक की जान चली गई. तेज रफ्तार क्रेटा कार ने बेकाबू होकर आगे चल रहे ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी. पीछे से टकराने की वजह से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. यह टक्कर इतनी गंभीर थी कि कार में सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई.
शनिवार, रात तकरीब साढे 10 बजे के समय इस दुर्घटना के होने की खबर है. जानकारी के मुताबिक हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड को जोड़ने वाले यमुना नदी पर बने यमुना कुल्हाल पुल पर यह हादसा हुआ. रात के तकरीबन 10:35 बजे यह दुर्घटना हुई. जिला सिरमौर के पांवटा साहिब की ओर से आ रही तेज रफ्तार क्रेटा कार बेकाबू होकर उसके आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई. हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोग पहुंचे और हर तरफ अफरा तफरी मच गई. दुर्घटना की सूचना मिलते ही पांवटा साहिब पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में सवार तीनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने कार में सवाल तीनों ही युवक को मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने शुरू की जांच
कार एक्सीडेंट में मारे गए तीनों युवक के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. रविवार को सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में तीनों मृतकों का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा. इसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपे जाएंगे. मृतकों की पहचान 32 साल के तरसेम सिंह (सिरमौर के रहने वाले हैं), 37 साल के अमित कुमार (मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश) और सोनू (ग्रेटर नोएडा) के रूप में की गई है. पांवटा साहिब पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. ये हादसा किस वजह से हुआ फिलहाल इसके कारणों की जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना किस परिस्थितियों में हुई. कार की रफ्तार कितनी थी.

