Haryana News: कैथल के फ्रांसवाला रोड स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के स्टोर में भीषण आग लग गई, जिससे स्टोर में रखा करोड़ों का माल जलकर खाक हो गया। आग इतनी भीषण थी कि स्टोर में रखा सामान पूरी तरह इसकी चपेट में आ गया। वहां खड़ी दो पिकअप गाड़ियां, एक बाइक और एक रेहड़ी भी जल गई। जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
कर्मियों ने फायर ब्रिगेड को दी सूचना
कंपनी में काम करने वाले कर्मचारियों ने आग लगने की सूचना तुरंत डायल 112 और फायर ब्रिगेड विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की भयावहता को देखते हुए फायर कर्मियों को करीब तीन घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद आग पर काबू पाया जा सका।
कई वाहन भी आग की भेंट चढ़े
आग इतनी भीषण थी कि स्टोर में रखा सामान पूरी तरह इसकी चपेट में आ गया। वहां खड़ी दो पिकअप गाड़ियां, एक बाइक और एक रेहड़ी भी जल गई। इसके अलावा, गाड़ियों में लदे और स्टोर में रखे जूते, टायर, कुर्सियां, दवाइयां और कपड़ों सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया। इस घटना में ट्रांसपोर्ट कंपनी के साथ-साथ उन व्यापारियों और लोगों को भी भारी आर्थिक नुकसान हुआ, जिनका सामान डिलीवरी के लिए वहां रखा हुआ था।
डिलीवरी वाले सामान भी खाक
शर्मा गुड्स एंड ट्रांसपोर्ट के संचालक श्याम सुंदर ने बताया कि उनकी कंपनी व्यापारियों का सामान एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने का काम करती है। शाम के समय विभिन्न व्यापारियों का सामान गाड़ियों में लोड कर दिया गया था और सुबह इसकी डिलीवरी की जानी थी, लेकिन रात को अचानक लगी आग ने सब कुछ तबाह कर दिया। उन्होंने बताया कि आगजनी में करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है।


