Himachal News: हिमाचल प्रदेश से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। लाहौल और स्पीति जिले में आज द्रिलबु री कोरा में परिक्रमा करने के दौरान बर्फ से ढके रास्ते पर फिसलने से दो तीर्थयात्रियों की मौत हो गई और 11 अन्य को मामूली चोटें आईं। मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग की रहने वाली दावा डोमा भूटिया (74) और लाहौल और स्पीति के केलांग निवासी कुनू राम की बेटी यांगजिन (64) के रूप में हुई है।
दोनों मृतकों के परिवारों को मुआवजा
जिला प्रशासन ने प्रत्येक मृतक के परिवार को 25,000 रुपये की तत्काल राहत राशि प्रदान की है। यह घटना सुबह करीब साढ़े चार बजे उस दौरान हुई जब क्षेत्र में अचानक बर्फबारी होने से ऊंचाई वाले क्षेत्र में बना मार्ग फिसलन भरा हो गया। उन्होंने बताया कि दोनों तीर्थयात्री बर्फ से ढके रास्ते पर फिसल कर गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई।
घायलों को अस्पताल ले जाया गया
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और जिला प्रशासन की एक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर शवों को बरामद करने के साथ घायलों को बचाया। घायलों को केलांग के एक अस्पताल में ले जाया गया।


