Himachal News : हिमाचल में बच्चों और युवाओं को भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के साथ जोड़ेगी सरकार

0
109
Himachal News : हिमाचल में बच्चों और युवाओं को भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के साथ जोड़ेगी सरकार
Himachal News : हिमाचल में बच्चों और युवाओं को भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के साथ जोड़ेगी सरकार

शिक्षा मंत्री के नेतृत्व में हुई बैठक में लिया गया फैसला

Himachal News (आज समाज), शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर की अध्यक्षता में हिमाचल प्रदेश भारत स्काउट्स एंड गाइड्स (बीएसजीएचपी) की राज्य परिषद की बैठक आयोजित हुई। शिक्षा मंत्री बीएसजीएचपी के उपाध्यक्ष भी हैं। बैठक में संगठन की गतिविधियों और प्रगति की समीक्षा की गई तथा प्रदेश में स्काउटिंग एवं गाइडिंग को मजबूत करने और अधिक से अधिक बच्चों एवं युवाओं तक इसकी पहुंच बढ़ाने के लिए कई महत्त्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
रोहित ठाकुर ने कहा कि स्काउटिंग एवं गाइडिंग बच्चों और युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीम भावना, आत्मनिर्भरता, सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा की भावना विकसित करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

रोवर और रेंजर की संगठनात्मक व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा

राज्य परिषद ने जिला स्तर पर रोवर और रेंजर की संगठनात्मक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जिला स्तर पर विभिन्न पद सृजित करने को मंजूरी दी। इससे कार्यों में बेहतर समन्वय, जिम्मेदारी, निगरानी और स्काउटिंग एवं गाइडिंग कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन में सहायता मिलेगी। इसके अतिरिक्त, आवश्यकतानुसार कब और बुलबुल अनुभागों को मजबूत करने का निर्णय भी लिया गया।

बैठक में अवगत करवाया गया कि बीएसजीएचपी में बच्चों और युवाओं की वर्तमान लगभग 40 हजार की संख्या को अगले शैक्षणिक सत्र तक दो लाख करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए संस्थानों के साथ बेहतर समन्वय, विद्यार्थियों की अधिक भागीदारी, वयस्क नेताओं का प्रशिक्षण और जमीनी स्तर पर गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही स्काउटिंग एवं गाइडिंग आंदोलन की मूल भावना और संगठन की पहचान को बनाए रखा जाएगा।

बैठक में वार्षिक रिपोर्ट की समीक्षा की गई

राज्य परिषद ने संगठन में प्रस्तावित सुधारों को कानूनी आधार देने के लिए मौजूदा उप-नियमों में आवश्यक संशोधन करने का भी निर्णय लिया। रोहित ठाकुर ने कहा कि भारत स्काउट्स एंड गाइड्स एक अधिकृत संस्था है। जिसके बारे में लोगों को स्पष्ट जानकारी दी जानी चाहिए, ताकि स्काउटिंग गतिविधियों में शामिल अनाधिकृत संस्थाओं या संगठनों को लेकर किसी प्रकार के भ्रम की स्थिति न बने।

बैठक में वर्ष 2019-20 से 2024-25 तक की वार्षिक रिपोर्ट की समीक्षा की गई। साथ ही वर्ष 2026-27 के वार्षिक कार्य योजना को भी मंजूरी दी गई। इसमें प्रशिक्षण, विकास गतिविधियां, टेस्टिंग कैंप, नेतृत्व विकास कार्यक्रम, सामुदायिक विकास और युवा गतिविधियां शामिल हैं।

  • TAGS
  • [post_tags]