Yamunanagar Gas Leak Video: हरियाणा के यमुनानगर में गैस पाइपलाइन में अचानक लगी आग का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें हादसे की भयावहता साफ नजर आ रही है। सड़क किनारे लोग खड़े होकर बातचीत कर रहे थे और आसपास से वाहनों व राहगीरों की आवाजाही जारी थी। इसी दौरान अचानक तेज धमाके के साथ आग की लपटें उठीं और मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। इस हादसे में एक महिला समेत तीन लोग झुलस गए। आग की चपेट में आने वाले दो लोग पाइपलाइन पर काम कर रहे कर्मचारी बताए गए हैं।
सड़क किनारे अचानक भड़की आग
यह घटना यमुनानगर के मॉडल कॉलोनी क्षेत्र में चिट्टा मंदिर चौक के पास हुई। यहां घरेलू गैस पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा था। रामपुरा पुलिस चौकी के आसपास स्थित इस इलाके में दुकानों और रिहायशी मकानों के कारण लोगों की आवाजाही बनी रहती है। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में सड़क किनारे कई लोगों को खड़े होकर बातचीत करते देखा जा सकता है। इसी बीच अचानक आग की लपटें उठती हैं और लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगते हैं। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाके जैसी तेज आवाज के साथ आग भड़की थी।
महिला समेत तीन लोग लोग झुलसे
इस हादसे में 64 वर्षीय सुनीता देवी और पाइपलाइन पर काम कर रहे दो कर्मचारी अंकित और ललित कुमार झुलस गए। तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया। सुनीता देवी गंभीर रूप से झुलसी थीं, जिसके बाद उन्हें प्राथमिक उपचार देकर पीजीआई रेफर किया गया। दोनों कर्मचारियों का यमुनानगर के सिविल अस्पताल में उपचार किए जाने की जानकारी सामने आई है। आग की चपेट में आने से आसपास की दुकानों को भी नुकसान पहुंचा। एक दुकान में कपड़े प्रेस करने का काम होता था, जबकि पास की इलेक्ट्रिशियन की दुकान में रखा सामान भी जल गया। एक बुटीक में रखे कपड़ों के नुकसान की भी खबर है।
दमकल की तीन गाड़ियों ने बुझाई आग
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के लिए दमकल की तीन गाड़ियों को लगाया गया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों को घटनास्थल से दूर किया, ताकि राहत एवं बचाव कार्य में बाधा न आए। जिला फायर अधिकारी कपिल कुमार ने बताया कि आग लगने के स्पष्ट कारणों का तत्काल पता नहीं चल पाया था और मामले की जांच की जा रही थी। पुलिस की ओर से भी घटना के संबंध में शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही गई थी।


