Road Accident in Haryana: हरियाणा के सिरसा जिले में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की जान चली गई। नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के गांव नहराणा के पास भट्ठू से चौपटा की ओर जा रही एक कार तूड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सवार दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
रात करीब एक बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार हादसा सोमवार देर रात करीब एक बजे गांव नहराणा के पास हुआ। कार में सवार तीनों युवक भट्ठू से चौपटा की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार आगे चल रही तूड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोग पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
दो युवकों की मौके पर मौत
इस हादसे में फतेहाबाद जिले के पीली मंदोरी निवासी संदीप पुत्र सूबे सिंह और ढाणी गोपाल निवासी कुलदीप पुत्र ओमप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच बताई गई है। वहीं, कार में सवार तीसरे युवक नरेश पुत्र रणबीर निवासी किरतान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद उन्हें सिरसा के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। नरेश की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालांकि अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।


