Chhath Mahaparv 2026: छठ महापर्व की तैयारियां इस वक्त जोरों पर हैं। यह पर्व बिहार के अलावा देश के अधिकतर हिस्सों में मनाया जाने लगा है। दिवाली के कुछ दिन वाल छठ पर्व की शुरुआत हो जाती है और यह पर्व कई दिनों तक चलता है। इस बार छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर से होगी और इसका समापन 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होगा। चार दिनों तक चलने वाला यह पावन पर्व मुख्य रूप से सूर्य देव और छठी मैया को समर्पित है। बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत देश के कई हिस्सों में इस पर्व को बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है।
13 को नहाय-खाय के साथ होगी शुरुआत
इस बार छठ महापर्व 13 से 16 नवंबर तक मनाया जाएगा। चार दिनों में नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य की परंपराएं निभाई जाएंगी। हर दिन का अपना धार्मिक महत्व है और व्रती पूरी श्रद्धा के साथ नियमों का पालन करते हैं। छठ महापर्व के पहले दिन शुक्रवार को नहाय-खाय की परंपरा निभाई जाएगी। इस दिन व्रती सुबह स्नान कर घर और पूजा स्थल की साफ-सफाई करते हैं। इसके बाद शुद्ध और सात्विक भोजन ग्रहण किया जाता है। आमतौर पर इस दिन कद्दू-भात और चने की दाल का प्रसाद बनाया जाता है। नहाय-खाय के साथ ही छठ पर्व के कठिन नियमों और व्रत की शुरुआत हो जाती है।
14 नवंबर को खरना, 15 को डूबते सूर्य को अर्घ्य
छठ पर्व के दूसरे दिन यानी 14 नवंबर को खरना मनाया जाएगा। इस दिन व्रती पूरे दिन निर्जला उपवास रखते हैं और शाम को पूजा के बाद गुड़ की खीर, रोटी और फल का प्रसाद ग्रहण करते हैं। खरना के बाद करीब 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत की शुरुआत होती है। तीसरे दिन यानी 15 नवंबर को छठ पूजा का मुख्य अनुष्ठान होगा। इस दिन व्रती नदी, तालाब और अन्य जलाशयों के किनारे पहुंचकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे। इसे संध्या अर्घ्य कहा जाता है।
16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर समापन
छठ महापर्व के अंतिम दिन यानी 16 नवंबर को सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इस अनुष्ठान को उषा अर्घ्य कहा जाता है। व्रती सूर्योदय से पहले ही घाटों पर पहुंच जाते हैं और सूर्य देव को जल, दूध और प्रसाद अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती पारण करते हैं और इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो जाता है। छठ पूजा को सूर्य उपासना के सबसे महत्वपूर्ण पर्वों में गिना जाता है।


