Sant Rampal Remark on Premanand Maharaj: जेल से रिहाई के बाद संत रामपाल ने प्रेमानंद महाराज को लेकर विवादित टिप्पणी की है। रामपाल ने रसिक संत प्रेमानंद की साधना पद्धति को लेकर भी सवाल उठाए हैं। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में रामपाल ने प्रेमानंद महाराज पर टिप्पणी करते हुए उनकी आध्यात्मिक समझ पर सवाल खड़े किए। उन्होंने दावा किया कि लोगों को ‘कृष्ण’ नाम के बजाय ‘राधा-राधा’ का जाप कराया जा रहा है और यह साधना शास्त्रों के अनुरूप नहीं है। रामपाल ने अपने विचारों को सही ठहराने के लिए श्रीमद्भगवद्गीता के अध्याय 16 के श्लोक 23 और 24 का हवाला भी दिया।
कहा- गलत साधना से मोक्ष संभव नहीं
वीडियो में रामपाल ने मेडिकल साइंस का उदाहरण देते हुए अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जिस तरह किसी बीमारी के इलाज के लिए सही दवा जरूरी होती है, उसी तरह आध्यात्मिक उन्नति के लिए भी शास्त्रों में बताए गए तरीके से साधना जरूरी है। उनके मुताबिक अगर कोई व्यक्ति गलत तरीके से साधना करता है तो उसे मोक्ष प्राप्त नहीं हो सकता। रामपाल ने यह भी कहा कि जिस तरह एक डॉक्टर दूसरी दवा के गलत होने की पहचान कर सकता है, उसी तरह आध्यात्मिक ज्ञान रखने वाला व्यक्ति साधना की पद्धति पर सवाल उठा सकता है।
गीता के अध्याय 16 का दिया हवाला
रामपाल के सोशल मीडिया पेज पर शेयर किए गए वीडियो में उन्होंने गीता के अध्याय 16 के श्लोक 23 और 24 का संदर्भ दिया। उनका कहना था कि शास्त्र-विधि को छोड़कर अपनी इच्छा से की गई साधना से व्यक्ति को न तो अपेक्षित आध्यात्मिक फल मिलता है और न ही परम गति प्राप्त होती है। उन्होंने श्लोक 24 का हवाला देते हुए कहा कि क्या करना चाहिए और क्या नहीं, इसका निर्धारण शास्त्रों के आधार पर किया जाना चाहिए।
‘नाम जाप’ को बताया भक्ति का आधार
रामपाल ने अपनी बात रखते हुए नाम जाप को आध्यात्मिक साधना का प्रमुख आधार बताया। उन्होंने गुरु नानक देव जी की वाणी का उल्लेख करते हुए कहा कि शास्त्रों में बताए गए सही नाम जाप के जरिए ही जीव का कल्याण और मोक्ष संभव है। उनका दावा है कि शास्त्रानुकूल साधना के बिना आध्यात्मिक मुक्ति हासिल नहीं की जा सकती।
भगवान श्रीराम को लेकर भी दे चुके हैं बयान
रामपाल इससे पहले भी भगवान श्रीराम और अयोध्या में बने राम मंदिर को लेकर बयान दे चुके हैं। करीब एक महीने पहले सामने आए उनके एक बयान में उन्होंने मंदिर में स्थापित मूर्ति और प्राण प्रतिष्ठा की अवधारणा पर सवाल उठाए थे। उन्होंने तर्क दिया था कि अगर मूर्ति में वास्तव में भगवान की उपस्थिति होती और प्राण प्रतिष्ठा के बाद उसमें दैवी शक्ति आ गई होती, तो मंदिर में चोरी जैसी घटना नहीं होती। उनके इस बयान को लेकर भी विवाद हुआ था।
रामपाल से जुड़े पुराने विवाद जान लीजिए
रामपाल का नाम अतीत में कई विवादों से जुड़ा रहा है। 2006 में करौथा आश्रम को लेकर आर्य समाज और उनके समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हुई थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हुई थी। इस मामले के बाद रामपाल पहली बार जेल गए थे। इसके बाद 2014 में हिसार के बरवाला स्थित उनके आश्रम में पुलिस कार्रवाई के दौरान हिंसक टकराव हुआ था। इस घटना में छह लोगों की मौत हुई थी। बाद में हत्या और अन्य गंभीर मामलों में अदालत ने उन्हें दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई थी। लंबी न्यायिक हिरासत के बाद रामपाल को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से राहत मिलने पर जेल से बाहर आने का मौका मिला। रिहाई के बाद वह सोनीपत के धनाना स्थित सतलोक आश्रम पहुंचे, जहां से वह लगातार धार्मिक और आध्यात्मिक विषयों पर वीडियो व बयान जारी कर रहे हैं।


