Haryana News: हरियाणा में नशा तस्करों की खैर नहीं, संपत्तियां फ्रीज करने का सिलसिला जारी

0
133

Haryana News: हरियाणा में नशे के तस्करों की संपत्तियों को फ्रीज करने का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में सिरसा पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए 4 तस्करों की करीब 27 लाख 10 हजार रुपये की चल-अचल संपत्ति फ्रीज करवाने की कार्रवाई की है। इनमें एक ट्रक और दो कारें एवं बाइक शामिल हैं।

संपत्तियों का ब्योरा देने का निर्देश

एसपी दीपक सहारन ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि नशा तस्करी में संलिप्त लोगों की संपत्ति का पूरा ब्योरा जुटाया जाए। नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति को सक्षम प्राधिकारी के माध्यम से फ्रीज करवाकर तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ी जाए। पुलिस का मकसद नशे के धंधे पर लगाम लगाने के साथ युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करना भी है।

इन 5 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, तलवाड़ा खुर्द निवासी मनदीप सिंह पुत्र राजेंद्र सिंह के खिलाफ वर्ष 2025 में ऐलनाबाद थाना में दो क्विंटल 510 ग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामदगी का मामला दर्ज हुआ था। वहीं, गांव बणी के चंडीगढ़िया मोहल्ला निवासी कर्मजीत सिंह उर्फ कर्मू पुत्र निक्का सिंह के खिलाफ रानियां और ऐलनाबाद थाना में नशा तस्करी के पांच मामले दर्ज हैं।

इसके अलावा, गांव चौटाला निवासी भूपेंद्र सिंह पुत्र जोरावर सिंह के खिलाफ भी ऐलनाबाद थाना में नशा तस्करी के पांच मामले दर्ज हैं, जबकि शहर सिरसा के वार्ड नंबर 8 जंडीवाली गली निवासी औमप्रकाश पुत्र मनी राम के खिलाफ थाना शहर सिरसा में वर्ष 2023 से अबतक नशा तस्करी के तीन मामले दर्ज होने पाए गए है । चारों आरोपी पेशेवर नशा तस्कर है,जो युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे है ।

संपत्ति फ्रीज करने की कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, इन आरोपियों की संपत्ति का ब्यौरा जुटाकर नियमानुसार फ्रीज करने की कार्रवाई की गई है। नशीले पदार्थों की तस्करी से संपत्ति अर्जित करने के आरोपों को लेकर पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया अपनाई है।

बेचने पर पाबंदी

एसपी दीपक सहारन ने बताया कि संपत्ति का पूरा रिकॉर्ड जुटाकर सक्षम प्राधिकारी एवं राजस्व विभाग, दिल्ली को भेजा गया था। इसके बाद एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 68एफ(2) के तहत संबंधित संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेश जारी हुए हैं। संबंधित विभागों को नोटिस भी भेजे गए हैं। आदेशों के तहत फ्रीज संपत्ति को बेचना या हस्तांतरित करना संभव नहीं होगा।

  • TAGS
  • [post_tags]