नई दिल्ली. बॉलीवुड की जानी मानी सिंगर कनिका कपूर के शादी का रिश्ता महज चार साल में टूट गया. उन्होंने अपने पति गौतम हाथीरमानी से अलग होने का फैसला किया है. दोनों ने आपसी सहमति से अपनी राहें अलग करने का निर्णय लिया है. कनिका ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए इस खबर की जानकारी दी
बेबी डॉल गाने से पॉपुलर हुई कनिका ने लिखा, “प्रिय दोस्तों और परिवार के सदस्यों, काफी सोच-विचार के बाद मैंने और मेरे पति ने अलग-अलग रास्ते पर चलने का फैसला किया है. हम दोनों ने साथ में जो समय बिताया, उसके लिए मैं आभारी हूं और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं देती हूं. इस मुश्किल समय में मैं आप सभी से हमारी निजता का सम्मान करने और संवेदनशीलता बरतने की अपील करती हूं.”

कनिका की इससे पहले बिजनेसमैन राज चंडोक से शादी हुई थी. इस शादी से उनके तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां अयाना और समारा और एक बेटा युवराज शामिल हैं. कनिका ने साल 1998 में महज 18 साल की उम्र में राज चंडोक से शादी की थी. शादी के बाद वह लंदन चली गई थीं, जहां उन्होंने कई साल बिताए और अपने बच्चों की परवरिश की. साल 2012 में दोनों का तलाक हो गया. इसके बाद कनिका अपने म्यूजिक करियर को आगे बढ़ाने के लिए भारत लौट आईं.
कनिका ने पहले बताया था कि वह गौतम को करीब 15 साल से जानती थीं. दोनों के बीच पहले गहरी दोस्ती थी, जो बाद में प्यार में बदल गई. उन्होंने यह भी खुलासा किया था कि उन्होंने गौतम को दो बार शादी के लिए प्रपोज किया था. पहली बार 2014 में और दूसरी बार 2020 में. आखिरकार गौतम ने अगस्त 2021 में कनिका को प्रपोज किया. इसके बाद दोनों ने 20 मई 2022 को लंदन में एक निजी लेकिन भव्य समारोह में शादी कर ली थी.
‘बेबी डॉल’ गाने से मिली थी पहचान
कनिका कपूर को साल 2014 में सनी लियोनी की फिल्म ‘रागिनी एमएमएस 2’ के गाने ‘बेबी डॉल’ से जबरदस्त लोकप्रियता मिली थी. मीट ब्रदर्स के संगीत से सजे इस गाने ने रिलीज होते ही धूम मचा दी और कनिका को बॉलीवुड की लोकप्रिय प्लेबैक सिंगर्स में शामिल कर दिया. इसी साल उन्होंने शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण स्टारर फिल्म ‘हैप्पी न्यू ईयर’ के गाने ‘लवली’ से भी खूब सुर्खियां बटोरीं. इसके बाद कनिका ने मीट ब्रदर्स और डॉ. जियस जैसे संगीतकारों के साथ कई हिट गाने दिए. इनमें फिल्म ‘रॉय’ का ‘चिट्टियां कलाइयां’, ‘एक पहेली लीला’ का ‘देसी लुक’, ‘ऑल इज वेल’ का ‘नचन फर्राटे’ और ‘उड़ता पंजाब’ का ‘दा दा दस्से’ जैसे गाने शामिल हैं.


