Mining dispute leads to bloody outcome(आज समाज नेटवर्क) पानीपत। समालखा के पास दर्दनाक सड़क हादसा, डिकाडला गांव के 3 दोस्तों की मौत; 9 लोगों पर हत्या का केस दर्जपानीपत।पानीपत के डिकाडला-आट्टा मार्ग पर गत देर रात्रि एक भीषण और संदेहास्पद सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक स्कॉर्पियो गाड़ी ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में स्कूटी सवार तीन दोस्तों की मौत हो गई। वहीं, मृतकों के परिजनों ने इसे हादसा नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश और जानलेवा हमला बताया है। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर गांव के ही 9 लोगों को नामजद करते हुए हत्या आईपीसी और बीएनएस की संबंधित धाराएं सहित अन्य संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अस्पताल में मिली हमले की सूचना
पुलिस को दी शिकायत में डिकाडला निवासी वीरेंद्र गाहल्याण ने बताया कि वे पांच भाई हैं। 10 जून की रात करीब 9:00 बजे वह अपने छोटे भाई जितेंद्र गाहल्याण और दोस्त प्रवीन गाहल्याण के साथ समालखा के जितेंद्र अस्पताल में मौजूद थे। इसी दौरान उनके पड़ोसी का फोन आया। पड़ोसी ने सूचना दी कि वीरेंद्र के भाई नरेंद्र और उसके दो दोस्तों विनोद व अनूप निवासी डिकाडला पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया है। हमले में तीनों को गंभीर चोटें आई हैं।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
सूचना मिलते ही वीरेंद्र अपने भाई जितेंद्र और दोस्त प्रवीन के साथ अस्पताल से निकलने ही वाले थे कि तभी गांव के कुछ लोग घायल विनोद को उसी अस्पताल (जितेंद्र अस्पताल) लेकर पहुंचे। विनोद की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत दूसरे बड़े अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद जैसे ही वीरेंद्र, जितेंद्र और प्रवीन गाड़ी लेकर जीटी रोड पर पहुंचे, तो गांव का ही अंकित नामक युवक घायल नरेंद्र को मेहर सिंह की गाड़ी में लेकर वहां आता दिखा। अंकित ने वीरेंद्र को देखकर गाड़ी रोक दी, जिसके बाद वीरेंद्र भी उसी गाड़ी में बैठ गया। उस समय नरेंद्र होश में था और उसके माथे पर गहरी चोट लगी हुई थी। हालांकि, गंभीर चोटों के कारण आखिरकार तीनों दोस्तों ने दम तोड़ दिया।
पुरानी रंजिश और हत्या का आरोप
वीरेंद्र का आरोप है कि यह महज कोई सड़क दुर्घटना नहीं है, बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत उनके भाई और दोस्तों पर हमला किया गया है और स्कॉर्पियो से स्कूटी को टक्कर मारी गई है। पुलिस ने वीरेंद्र की शिकायत के आधार पर 9 नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।


