Haryana News: महेंद्रगढ़ जिले के कनीनी सिटी क्षेत्र के एक गांव से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। परिचित होने का ढोंग कर एक व्यक्ति ने नाबालिग के साथ हैवानियत की कोशिश की। किसी तरह नाबालिग की मां ने बेटी को दरिंदे से चंगुल से छुड़ाकर पुलिस में शिकायत की। आरोपी ने महिला और उसके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
परिचित था आरोपी
पीड़िता की मां के मुताबिक, वह एक घरेलू कामकाजी महिला हैं और अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए दुकानों पर साफ-सफाई का काम करती हैं। उसके पति सुभाष कुमार से जान-पहचान के चलते आरोपी जयप्रकाश निवासी झाड़ली का उनके घर आना-जाना था।
नीयत में थी खोट
महिला को काम करने के लिए घर से काफी दूर जाना पड़ता था। इसे देखते हुए, आरोपी ने महिला से हमदर्दी जताते हुए कहा कि उसे काम वाली जगह के पास ही किराए का कमरा दिला देगा, जिसका खर्चा भी वह स्वयं वहन करेगा। परिवार ने उस पर भरोसा कर लिया और कनीना में किराए के कमरे में रहने लगा, लेकिन इस ‘मददगार’ चेहरे के पीछे छिपी नीयत कुछ और ही थी। उसने महिला की इच्छा के विरुद्ध गलत कार्य किया।
नाबालिग बेटी से दुर्व्यहार
इतना ही नहीं, बीती 30 सितंबर की रात करीब साढ़े बारह बजे आरोपी चुपके से महिला के कमरे पर आया और कमरे में सो रही उसकी 15 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ गलत व्यवहार करना शुरू कर दिया और उसके कपड़े फाड़ दिए। किसी तरह हिम्मत जुटाकर मां ने अपनी बेटी को उस दरिंदे के चंगुल से छुड़ाया और उसे कमरे से बाहर निकाला। जाते-जाते आरोपी ने किसी को बताने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस में की शिकायत
पीड़िता और उसके परिवार ने साहस दिखाते हुए इस जुर्म को दबाने के बजाय पुलिस की शरण ली। इस बारे में कनीना सिटी थाना की अनुसंधान अधिकारी संजू यादव ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर तुरंत संज्ञान लेते हुए भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


