Haryana News: भिवानी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिले के पालुवास गांव निवासी बाइक सवार छात्र को कार से टक्कर मारने के बाद उसके साथ मारपीट की गई। यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में छात्र को आरोपी लाठी-डंडों से पीटते नजर आ रहे हैं। वहीं, युवक मदद के लिए चिल्लाता रहा, लेकिन वहां मौजूद भीड़ में से किसी ने भी उसकी मदद नहीं की। घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
अगवा करने की कोशिश की
पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। छात्र रुद्र का आरोप है कि कार सवार आरोपियों ने उसका अपहरण करने की कोशिश की। उसे डंडे व लोहे की रॉड से पीटने के साथ ही पिस्तौल दिखाकर डराया भी गया। घटना 20 अक्तूबर की रात की है। मामले में पुलिस ने दो नामजद सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हाथ-पैरों में 6 जगह फ्रैक्चर
रुद्र के पिता विनोद ने बताया कि घायल रुद्र के भाई ध्रुव के दोस्तों के साथ आरोपियों का झगड़ा हुआ था। उसी रंजिश में मारपीट की गई है। मारपीट की वजह से उसे करीब 6 जगह फ्रैक्चर हुए हैं। दोनों हाथों में फ्रैक्चर है। पांव की एड़ी व एड़ी के ऊपर वाले हिस्से में भी फ्रैक्चर है। आरोपियों ने इस मानसिकता से हमला किया है कि हाथ-पैर टूटे, लेकिन मौत न हो।
अपहरण के प्रयास का आरोप
भिवानी के पालुवास गांव निवासी रुद्र प्रताप ने पुलिस को शिकायत दी कि वह बीबीए का छात्र है। वह शाम को करीब 7 बजे अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर हुड्डा पार्क के पास जा रहा था। इसी दौरान रात करीब 8 बजे वह पालुवास मोड़ के नजदीक पहुंचा, तो पीछे से एक नीले रंग की कार आई। रूद्र ने आरोप लगाया कि कार से उसे टक्कर मारकर गिरा दिया। गाड़ी से तीन व्यक्ति उतरे और उसे जबरदस्ती गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया।
पीछा करके पकड़ा और की मारपीट
रुद्र ने आरोप लगाया कि उसने वहां से भागने की कोशिश की लेकिन उन लोगों ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया। जान से मारने की नीयत से उस पर पिस्तौल तान दी। गनीमत रही कि पिस्तौल चली नहीं। उन्होंने डंडे व लोहे की रॉड से उस पर हमला किया और हाथ-पैर तोड़ दिए। गाड़ी पर नंबर नहीं था। वहीं इस वारदात के बाद आरोपियों ने वीडियो कॉल पर बात की और कहा कि रूद्र का काम कर दिया है। इसके बाद, उसे धमकी देते हुए गाड़ी में सवार होकर फरार हो गए।
गुरुग्राम में चल रहा इलाज
घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से उसे गुरुग्राम के निजी अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने उसकी शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी।
सख्त कार्रवाई की मांग
रुद्र के पिता विनोद प्रताप ने आरोप लगाया कि आरोपियों को भी अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी को चेक किया, तो उसमें आरोपी उनके बेटी पर लाठी-डंडे बरसाते साफ-साफ नजर आए। उन्होंने कहा कि उनके बेटे को टारगेट करके हमला करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करनी होनी चाहिए।
जांच में जुटी पुलिस
औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की सूचना मिली थी। घायल रुद्र के बयान दर्ज किए गए हैं। बयानों के आधार पर हिमांशु व अंकित सहित अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस मामले की छानबीन में जुटे हुए हैं।


