अभी तक प्रदेश में सामान्य से 24 प्रतिशत कम बरसा है मानसून, खरीफ की फसलों की रोपाई पिछड़ी
Haryana Weather (आज समाज), चंडीगढ़ : हरियाणा में इस साल अभी तक मानसून खुलकर नहीं बरसा है। जिसके चलते 25 जुलाई तक प्रदेश में बारिश की मात्रा 24 प्रतिशत कम दर्ज की गई। हालांकि भारतीय मौसम विभाग की चंडीगढ़ शाखा द्वारा जारी किए गए बुलेटिन की बात करें तो अगले तीन दिन में प्रदेश में बारिश का यह टोटा दूर हो सकता है।
मौसम विभाग ने जो बुलेटिन जारी किया है उसके अनुसार प्रदेश में 28 जुलाई से लेकर 30 जुलाई तक जोरदार बारिश होने की संभावना है। यदि ऐसा होता है तो इससे न केवल किसानों ेको राहत मिलेगी बल्कि आम लोगों को भी गर्मी और उमस से राहत मिलने की पूरी संभावना है।
25 जुलाई तक प्रदेश में 132.7 मिलीमीटर बारिश हुई
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पिछले एक सप्ताह से कमजोर पड़ा मानसून 28 जुलाई से फिर सक्रिय हो सकता है, जिससे प्रदेश के कई जिलों में वर्षा की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि प्रदेश में एक जून से 25 जुलाई तक 132.7 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा 175.4 मिलीमीटर होती है।
किस जिले में कितनी बारिश हुई
25 जुलाई तक हरियाणा में फरीदाबाद में सबसे अधिक 271 मिमी वर्षा दर्ज हुई, जो सामान्य से 41 प्रतिशत अधिक रही। वहीं हिसार 34 प्रतिशत, कैथल 46 प्रतिशत, पंचकूला 49 प्रतिशत, जींद 65 प्रतिशत और सिरसा 61 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई। चरखी दादरी 9 प्रतिशत, कुरुक्षेत्र 3 प्रतिशत, महेंद्रगढ़ 5 प्रतिशत, पलवल 19 प्रतिशत, रेवाड़ी शून्य प्रतिशत और यमुनानगर 12 प्रतिशत कम के साथ सामान्य श्रेणी में रहे।
इसलिए कमजोर हुआ मानसून
पिछले एक सप्ताह से मानसून कमजोर बना हुआ है। इसका मुख्य कारण मानसून टर्फ और अन्य मौसम प्रणालियों का राजस्थान की ओर सक्रिय होना है। इसके चलते हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में केवल छिटपुट वर्षा हो रही है और लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र डिप्रेशन में बदल चुका है और इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है। वहीं 27 जुलाई की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से मानसून टर्फ हरियाणा की ओर खिसकेगी और प्रदेश में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने की संभावना है।
इन जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना
28 से 30 जुलाई के बीच पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल में भारी से अति भारी वर्षा हो सकती है। इसके साथ ही पानीपत और सोनीपत में भी मूसलाधार वर्षा के आसार हैं। रोहतक, झज्जर, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर तेज वर्षा हो सकती है।


