Haryana Paddy Scam: हरियाणा में साल 2014 से धान खरीदी में घोटाले का दावा, सरकार को हजारों करोड़ का नुकसान, कैसे हो रहा स्कैम? CBI जांच की मांग

0
421
Haryana Dhan Ghotala
हरियाणा धान घोटाला

Haryana Paddy Scam: हरियाणा में धान घोटाले का मामला एक बार फिर से सुर्खियों में है. भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के पूर्व प्रधान वैज्ञानिक डॉ. वीरेंद्र सिंह लाठर ने कथित तौर पर 5,000 करोड़ रुपये के ‘फर्जी धान खरीद घोटाला-2025’ की सीबीआई जांच कराने की मांग की है. उन्होंने इसे लेकर भारत के मुख्य न्यायाधीश, प्रधानमंत्री, केंद्रीय वित्त मंत्री और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री को पत्र लिखा है.

वीरेंद्र सिंह लाठर ने फर्जी धान खरीद दिखाकर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और केंद्र सरकार के धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया है. उनका आरोप है कि हरियाणा सरकार की विशेष जांच टीम (एसआईटी) की रिपोर्ट के अनुसार राइस मिलर्स ने 6.5 लाख मीट्रिक टन से अधिक कस्टम मिल्ड राइस वापस नहीं किया. इसकी कीमत करीब 1,580 करोड़ रुपये बताई गई है. इस तरह यह सार्वजनिक धन का गबन है.

वीरेंद्र सिंह लाठर ने अपने पत्र में क्या-क्या आरोप लगाए?

  • उन्होंने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि कमीशन एजेंटों (आढ़तियों), राइस मिलर्स और एपीएमसी मंडी अधिकारियों की मिलीभगत ने एमएसपी और केंद्र सरकार के फंड की चोरी तथा हेराफेरी के मकसद से घोटाले को अंजाम दिया.
  • केंद्र सरकार ने पंजाब सरकार को वर्ष 2025 के 10,000 करोड़ रुपये के कथित फर्जी धान खरीद घोटाले की जांच के निर्देश दिए हैं, जिसमें आरोप है कि कमीशन एजेंटों ने किसानों के बैंक खातों में सरकारी पैसा ट्रांसफर कराने के लिए फर्जी जे-फॉर्म (बिक्री रसीदें) जारी कीं, जिसे बाद में नकद रूप में वापस लेकर 10,000 करोड़ रुपये से अधिक की काली कमाई की गई.
  • फर्जी गेट पास, जे-फॉर्म, अवैध कच्ची पर्ची कारोबार और किसानों के बैंक खातों के दुरुपयोग के जरिए हरियाणा में भी 5,000 करोड़ रुपये से अधिक के केंद्रीय कोष की हेराफेरी की गई है.
  • अनौपचारिक बिक्री रसीद के जरिए किसानों को औसतन 400 रुपये प्रति क्विंटल का नुकसान पहुंचाया गया, जो हरियाणा में कुल मिलाकर 2,000 करोड़ रुपये से अधिक बैठता है.
  • आरोप है कि कमीशन एजेंटों ने कच्ची पर्ची पर लिखी राशि और एमएसपी के बीच के अंतर को किसानों से नकद वसूल किया.
  • उनका दावा है कि इस तरह के धान खरीद घोटाले हरियाणा में 2014 से लगातार होते आ रहे हैं.

राष्ट्रीय और किसान हित में जांच जरूरी- लाठर

वीरेंद्र सिंह लाठर के अनुसार किसान संगठन अक्टूबर 2025 से जांच की कर रहे हैं. उनका कहना है कि मामले की जांच राष्ट्रीय और किसान हित में जरूरी है. उनके पत्र में आधिकारिक रिकॉर्ड के हवाले से बताया गया है कि हरियाणा में खरीफ-2025 सीजन के दौरान 62 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद दिखाई गई है, जो खरीफ-2024 सीजन के 54 लाख मीट्रिक टन से 8 लाख टन ज्यादा है.

पत्र में कहा गया कि यह बढ़ोतरी तब हुई, जबकि अगस्त-अक्टूबर 2025 के दौरान असामयिक भारी बारिश, बाढ़ और धान की फसल में बौनापन वायरस तथा लूज स्मट रोग के प्रकोप के चलते उपज में 10-15 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई थी.

हरियाणा में खरीफ-2025 सीजन के दौरान करीब 15.5 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में धान की खेती हुई, जिसमें से करीब 8 लाख हेक्टेयर बासमती धान के अंतर्गत था. शेष लगभग 7.5 लाख हेक्टेयर परमल धान के क्षेत्र से, प्रति हेक्टेयर 6.2 टन की दर से तकनीकी रूप से कुल 48 लाख टन धान का उत्पादन होना चाहिए था, जो आमतौर पर सार्वजनिक वितरण प्रणाली के लिए एमएसपी पर सरकारी एजेंसियों की ओर से खरीदा जाता है.

केंद्र सरकार को 3,300 करोड़ रुपये से अधिक का वित्तीय नुकसान

इस हिसाब से वास्तविक उत्पादन से 14 लाख टन से भी अधिक धान की खरीद सरकारी रिकॉर्ड में दिखाई गई है, जिससे 2,390 रुपये प्रति क्विंटल एमएसपी की दर से केंद्र सरकार को कथित तौर पर 3,300 करोड़ रुपये से अधिक का वित्तीय नुकसान पहुंचा है.

वीरेंद्र सिंह लाठर का कहना है कि पिछले दो दशकों से हरियाणा में हर साल इस तरह के कथित घोटाले होते रहे हैं, जिसके बाद औपचारिक जांच की रस्म तो निभाई जाती है, लेकिन हरियाणा प्रशासनिक तंत्र की सीधी संलिप्तता के चलते घोटाले की राशि की कभी वसूली नहीं हो पाती. फिलहाल उन्होंने सीबीआई जांच की मांग की है.

  • TAGS
  • [post_tags]