गुरुग्राम. मानसून ने इस समय हरियाणा में कहर मचा रखा है. सोमवार, 24 अगस्त को सुबह से ही बादल आसमान में छाए हुए थे और दोपहर हुई तेज बारिश ने गुरुग्राम की रफ्तार पूरी तरह रोक दी. जमकर हुई बरसात ने शहर में जगह-जगह जलभराव की स्थिति पैदा कर दी. ट्रैफिक जाम की वजह से स्कूली बच्चे घंटों बसों में फंसे रहे. बच्चों की परेशानी यहीं नहीं थमी जमकर हुई बारिश के दौरान कई स्कूल बसें खराब हो गईं.
मौसम विभाग की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक दोपहर 3 बजे तक गुरुग्राम में करीब 75 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. सुबह से ही आसमान में बादल घिरे हुए थे. दोपहर 12 बजे से ही अंधेरा छाने लगा और 1 बजे से 3 बजे जोरदार बारिश हुई. अचानक हुई भारी बारिश के कारण स्कूल परिवहन व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई.
VIDEO | Gurugram: School buses carrying children stranded on waterlogged roads.
(Full video available on PTI Videos – https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/3IhUxBKve6
— Press Trust of India (@PTI_News) August 24, 2026
बच्चों के लिए परेशान रहे माता-पिता
अचानक झमाझम हुई बारिश ने शहर के स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के माता पिता को काफी दिक्कत हुई. रास्ते में जाम में फंसे रहने की वजह से स्कूल बसों को बच्चों को घर पहुंचाने में देरी हुई. बसों के लेट पहुंचने की वजह से बच्चों को लेने पहुंचे माता पिता को घंटों पिकअप प्वाइंट पर इंतजार करना पड़ा. बस को आने में देरी होने के बाद कुछ बच्चों के माता-पिता खुद सड़कों पर देरी का पता लगाने निकल पड़े. दूसरी ओर जाम में बस के फंसने की वजह से बच्चों को घंटों बैठे रहना पड़ा. भीषण जाम में फंसी बसों के अंदर बारिश के बीच बच्चे परेशान होते रहे.
बारिश की वजह से हुए जलजमाव और सड़क पर बस के फंसे रहने का वीडियो लोगों ने सोशल मीडिया पर शेयर किया. सड़कों से गुजरती स्कूल बसों और वाहनों के वीडियो न्यूज एजेंसी पीटीआई ने भी शेयर किया है. वीडियो के सामने आन के बाद से ही गुरुग्राम में मानसून के दौरान जलभराव और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे.


