Gurugram News: गुरुग्राम में होमगार्ड को ‘दिवाली गिफ्ट’ लेना पड़ा महंगा ! पुलिस ने किया गिरफ्तार

0
195
Gurugram News, Gurugram Home Guard Arrest, Diwali Gift Controversy, Viral Video, Haryana Police, DLF Phase 3 Police, गुरुग्राम समाचार, गुरुग्राम में होमगार्ड गिरफ्तार, दिवाली गिफ्ट वसूली मामला, गुरुग्राम का वायरल वीडियो
गुरुग्राम में एक होमगार्ड को दिवाली गिफ्ट के नाम पर वसूली करने के आरोप में अरेस्ट किया गया है।

Gurugram Home Guard Arrested: दिवाली पर लोगों को शुभकामनाएं देने के बजाय उनसे जबरन गिफ्ट मांगना एक होमगार्ड को भारी पड़ गया। हरियाणा के गुरुग्राम में ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। आरोप है कि होमगार्ड ने चेकिंग के नाम पर एक कार रुकवाई और चालक से दिवाली के तोहफे की मांग करने लगा। इतना ही नहीं, जब कार सवार ने ऑनलाइन पैसे देने की पेशकश की तो उसने यूपीआई से भुगतान लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसने कार में रखे गिफ्ट हैंपर पर भी अपना हक जताना शुरू कर दिया। पूरी घटना कार में लगे डैशकैम में रिकॉर्ड हो गई। मामला अधिकारियों तक पहुंचा तो गुरुग्राम पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी होमगार्ड के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

कार रुकवाकर मांगने लगा दिवाली गिफ्ट

पुलिस के मुताबिक यह घटना 7 नवंबर 2026 की है। एक ब्लॉगर अपने परिवार के साथ कार में सफर कर रहा था। इसी दौरान गुरुग्राम के साइबर हब के पास ट्रैफिक बूथ पर तैनात होमगार्ड ओमकार ने उसे रुकने का इशारा किया। कार रुकने के बाद होमगार्ड ने उसमें बैठे लोगों को बार-बार ‘हैप्पी दिवाली’ कहा। शुरुआत में बातचीत सामान्य लग रही थी, लेकिन कुछ ही देर में उसने दिवाली के नाम पर पैसे या गिफ्ट मांगने शुरू कर दिए। कार चालक ने बताया कि उसके पास इस समय पर्स नहीं है। इस पर होमगार्ड ने तंज कसते हुए कहा कि क्या कार में बैठे किसी दूसरे व्यक्ति के पास भी पर्स नहीं है? इसके बाद बातचीत का रुख गिफ्ट और पैसों की मांग की तरफ मुड़ गया।

यूपीआई से पैसे देने की पेशकश भी ठुकराई

वायरल वीडियो के अनुसार कार चालक ने होमगार्ड को यूपीआई के जरिए पैसे भेजने की पेशकश की, लेकिन उसने डिजिटल भुगतान लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद कार चालक ने गाड़ी में रखे एक गिफ्ट बॉक्स को देने की पेशकश की। आरोप है कि होमगार्ड ने गिफ्ट बॉक्स लेते समय कार में रखा एक दूसरा डिब्बा भी लेने की कोशिश की। वह अपनी पसंद का गिफ्ट चुनना चाहता था। इस पर ब्लॉगर ने आपत्ति जताई और कहा कि गिफ्ट मांगने की चीज नहीं होती, बल्कि अपनी इच्छा से दिया जाता है। इसके बावजूद होमगार्ड ने गिफ्ट हैंपर ले लिया और बार-बार ‘सूखी दिवाली’ कहता रहा। पूरी बातचीत कार में लगे डैशकैम में रिकॉर्ड हो गई। बाद में ब्लॉगर ने वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।

वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस

वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। ट्रैफिक इंस्पेक्टर महावीर की शिकायत पर डीएलएफ फेज-3 पुलिस स्टेशन में होमगार्ड के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने वायरल वीडियो और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू की। पुलिस की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया कि वीडियो में नजर आ रहा व्यक्ति नियमित पुलिस अधिकारी नहीं, बल्कि होमगार्ड जवान है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी की पहचान ओमकार के रूप में की, जो नूंह जिले के हिलालपुर गांव का रहने वाला है। गुरुग्राम पुलिस ने 9 नवंबर की देर शाम आरोपी होमगार्ड ओमकार को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ ड्यूटी के दौरान वाहन चालक से उपहार के नाम पर अवैध वसूली करने का मामला दर्ज किया गया है।

  • TAGS
  • [post_tags]