Karnal Breaking News : करनाल एसडीएम कार्यालय में लगी आग, सैकड़ों जरूरी फाइलें जलकर राख

0
159
Karnal Breaking News : करनाल एसडीएम कार्यालय में लगी आग, सैकड़ों जरूरी फाइलें जलकर राख
Karnal Breaking News : करनाल एसडीएम कार्यालय में लगी आग, सैकड़ों जरूरी फाइलें जलकर राख

छुट्टी होने के कारण कार्यालय में नहीं था कोई कर्मचारी, शॉर्ट सर्किट माना जा रहा आग की वजह

Karnal Breaking News (आज समाज), करनाल : करनाल जिला सचिवालय स्थित एसडीएम कार्यालय में आज सुबह घटनावश आग लग गई। आग इतनी तेज थी की कुछ ही मिनट में कार्यालय में रखा फर्नीचर और फाइलें जलकर राख हो गर्इं। वहीं आज शिवरात्रि के अवसर पर छुट्टी होने के कारण कार्यालय में कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं था। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंची। इसके साथ ही डीसी व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। फिर भी पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

इमारत की पहली मंजिल तक भी पहुंची आग की लपटें

सुबह आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां जिला सचिवालय पहुंचीं और आग बुझाने के लिए पानी की बौछार शुरू की। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि खिड़कियों के रास्ते पहली मंजिल तक भी पहुंच गईं, लेकिन वहां आग नहीं लगी। तब तक एसडीएम देवेंद्र शर्मा के कार्यालय का अधिकांश सामान जल चुका था। कई जरूरी फाइलें पूरी तरह राख हो गईं, जबकि जो फाइलें बची थीं, वे फायर ब्रिगेड के पानी से भीगकर खराब हो गईं।

आग से काफी ज्यादा नुकसान हुआ : डीसी

घटना की सूचना मिलते ही जिला उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा व एसडीएम देवेंद्र शर्मा भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधिकारी एसआई विकास ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आई है। फायर ब्रिगेड ने समय पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। उन्होंने बताया कि आग से नुकसान काफी ज्यादा हुआ है और मामले की जांच की जा रही है।

खास बात यह है कि कुछ दिन पहले जिला सचिवालय में आपदा से निपटने को लेकर मॉक ड्रिल की गई थी। इसका उद्देश्य आपदा या हवाई हमले जैसी स्थिति में आपात सेवाओं की तत्परता परखना था। इसके बावजूद वास्तविक आग में एसडीएम कार्यालय का बड़ा हिस्सा जल गया। घटना के बाद आपात व्यवस्था की तैयारियों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

  • TAGS
  • [post_tags]