- पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर किया गिरफ्तार
- गांव हरनामपुरा में बिजली ठीक करने के दौरान सेलर मालिक से हुई थी बिजली कर्मियों की कहासुनी
Jind News(आज समाज नेटवर्क) जींद। गांव हरनामपुरा में शुक्रवार रात बिजली कर्मियों के साथ कहासुनी के चलते खफा सेलर मालिक ने अपने लाइसेंसी रिवाल्वर से फायरिंग कर दी। जिसमें एक गोली वहां पर सैर कर रहे व्यक्ति को जा लगी। जबकि बिजलीकर्मी बाल-बाल बच गए। सेलर मालिक ने छह गोलियां चलाई। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना नरवाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घायल की शिकायत पर आरोपित सेलर मालिक के खिलाफ जानलेवा हमला करने, शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।गांव हरनामपुरा में बीती रात बिजलीकर्मी बिजली ठीक कर रहे थे। उसी दौरान वहां पर सेलर का मालिक गांव धमतान साहिब निवासी बसाबा भी पहुंच गया। बिजली काटने को लेकर बसाबा तथा बिजली कर्मियों के बीच कहासुनी हो गई। नौबत गाली गलौज तक जा पहुंची।
जिस तैश में आए बसाबा ने अपने पास मौजूद रिवाल्वर से बिजली कर्मियों पर फायरिंग कर दी। एक गोली वहां पर पत्नी के साथ सैर कर रहे गांव हरनामपुरा निवासी सुरेंद्र (42) की सातल (जांघ) पर जा लगी। जबकि वहां मौजूद बिजलीकर्मी बाल-बाल बच गए। आरोपित ने रिवाल्वर से छह गालियां दागी थी। घटना को अंजाम देकर आरोपित फरार हो गया। घायल व्यक्ति को नरवाना के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घटना की सूचना मिलने पर नरवाना सीआईए प्रभारी सुखदेव सिंह, सदर थाना प्रभारी कमल फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और हालातों का जायजा लिया। पुलिस ने घटना स्थल से पांच खोल भी बरामद किए हैं।
बिजलीकर्मियों के साथ कहासुनी में गोली चलने से एक व्यक्ति घायल हो गया
पुलिस ने घायल सुरेंद्र की शिकायत पर गांव धमतान साहिब निवासी बसाबा के खिलाफ जानलेवा हमला करने, शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है। वहीं शनिवार को काफी संख्या मे गांव हरनामपुरा के ग्रामीण तथा बिजली कर्मी सदर थाना नरवाना पहुंचे। गिरफ्तारी की मांग पर उन्हें बताया गया कि आरोपित गिरफ्तार हो चुका है। फिर बिजलीकर्मी विभाग की तरफ से अलग से एफआईआर दर्ज करने की मांग पर अड़ गए। जिस पर सदर थाना नरवाना पुलिस ने बिजलीकर्मी के बयान दर्ज कर अलग से दूसरा मुकद्मा दर्ज करने का आश्वासन दिया। जिसके बाद ग्रामीण तथा बिजली कर्मी थाने से हटे।
डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि बिजलीकर्मियों के साथ कहासुनी में गोली चलने से एक व्यक्ति घायल हो गया। आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपित को अदालत से रिमांड पर लिया गया है। आरोपित को लाइसेंस रद्द करने लिए लिखा गया है।


