Haryana News: मोहाली की एक निजी यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में पंखा चलाने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक छात्र ने अपने रूममेट पर चाकू से हमला कर दिया। बॉइज हॉस्टल में बुधवार रात मामूली कहासुनी के बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। हमले में घायल हुए छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि हमलावर छात्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
छात्रों ने गेट पर किया प्रदर्शन
हॉस्टल में छात्र पर चाकू से हमला होने की जानकारी फैलते ही विद्यार्थियों में रोष फैल गया। बड़ी संख्या में छात्र यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट पर पहुंच गए और धरना देकर विरोध जताया। देर रात शुरू हुआ प्रदर्शन रात करीब ढाई बजे तक चला। स्थिति को देखते हुए पुलिस टीमें मौके पर तैनात रहीं और सुबह करीब चार बजे तक पुलिस घटनास्थल पर मौजूद रही।
पुलिसबल ने मामला शांत कराया
डीएसपी खरड़ ईशान सिंगला के अनुसार, स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और करीब 15 मिनट में पुलिस टीमें मौके पर पहुंच गईं। हालात को नियंत्रित करने के लिए तीन एसपी, दो डीएसपी और 12 एसएचओ समेत पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
कैंपस में तनाव का माहौल
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों छात्र यूनिवर्सिटी में पढ़ते हैं और रूममेट हैं। पंखा चलाने को लेकर हुए विवाद के बाद एक छात्र ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद हॉस्टल और कैंपस में तनाव का माहौल बन गया था।


