Delhi Weather Update : दिल्ली में लू का अलर्ट, तेजी से बढ़ेगा तापमान

0
237
Delhi Weather Update : दिल्ली में लू का अलर्ट, तेजी से बढ़ेगा तापमान
Delhi Weather Update : दिल्ली में लू का अलर्ट, तेजी से बढ़ेगा तापमान

अप्रैल में ही जून की गर्मी का होने लगा अहसास

Delhi Weather Update  (आज समाज), नई दिल्ली : दिल्ली-एनसीआर में 10 अप्रैल तक जहां मौसम सुहावना बना हुआ था और तापमान भी 30 से लेकर 33 डिग्री तक रहता था वहीं पिछले 10 दिन में गर्मी ने तेवर दिखा दिए हैं। यही कारण है कि राजधानी व उसके आसपास के क्षेत्रों का तापमान इस समय 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है और लोग बढ़ती गर्मी से बेहाल दिखाई दे रहे हैं। दिल्ली में मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के चलते दिखाई दे रहा है। दूसरी तरफ भारतीय मौसम विभाग ने यह चेतावनी दी है कि दिल्ली और एनसीआर के कई हिस्से जल्द ही लू की चपेट में होंगे।

सोमवार को जारी किया था लू का अलर्ट

सोमवार को लोगों को अप्रैल के महीने में जून वाली गर्मी महसूस हुई। तपती धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का जीना दुश्वार कर दिया। इससे लोगों का हाल बेहाल रहा और वह परेशान दिखे। मौसम विभाग ने पूरे दिन लू का यलो अलर्ट जारी किया हुआ था। इस दौरान अधिकतम तापमान 39.5 और न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले पांच दिनों के दौरान दिल्ली के कुछ क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में 1-2 डिग्री की वृद्धि होगी, जिसके चलते लू की स्थिति बन सकती है।

अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक से लेकर सामान्य से बहुत अधिक रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि 20 से 24 अप्रैल के बीच अधिकतम तापमान 41 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 21 से 25 डिग्री के आसपास रहेगा। इस दौरान आसमान अधिकतर साफ रहेगा और कई जगहों पर लू चलने की स्थिति बनी रहेगी। ऐसे में मौसम विभाग ने हीट वेव का यलो अलर्ट जारी किया है।

उत्तर से पश्चिम और मध्य भारत में सताएगी लू

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी दी है कि इस साल उत्तर भारत के मैदानी इलाकों, पूर्वी तटीय राज्यों गुजरात, महाराष्ट्र और आसपास के इलाकों में हीटवेव (लू) के दिन सामान्य से अधिक देखने को मिल सकते हैं। मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय मोहापात्रा ने बताया कि कुछ क्षेत्र ऐसे हैं जहां जलवायु के लिहाज से तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाना सामान्य है। इसलिए हमें ऐसे उच्च तापमान वाले दिनों के लिए तैयार रहना चाहिए।

मई और जून जमकर तपेंगे

मौसम विभाग के प्रमुख ने बताया कि हर साल अप्रैल, मई और जून के दौरान उच्च तापमान देखने को मिलता है, हालांकि इसमें साल-दर-साल कुछ भिन्नता होती है। तापमान में वार्षिक और दैनिक उतार-चढ़ाव से निपटने के लिए आईएमडी एक सीजन पहले ही हीटवेव का पूवानुर्मान जारी करता है। इसके बाद हर गुरुवार अगले चार सप्ताह के लिए विस्तारित पूवानुर्मान और गर्मियों में हर दिन जिला स्तर पर सात दिन की चेतावनी जारी की जाती है।

ये भी पढ़ें : US-Iran Peace Talk : अमेरिका-ईरान के बीच निर्णायक वार्ता जल्द : पाकिस्तान