Haryana News: हरियाणा से बिहार के विभिन्न जिलों में जाने के लिए लोगों को अब ट्रेन की टिकटों की मारामारी से निजात मिलने वाली है। हरियाणा सरकार बिहार के लिए बसें चलाने की योजना पर काम कर रही है। हरियाणा और बिहार के बीच नए परिवहन समझौते के मसौदे में 12 अंतरराज्यीय बस मार्ग प्रस्तावित किए गए हैं। इनके जरिए गुरुग्राम, पानीपत और अंबाला को पटना, गया, पूर्णिया और मधुबनी से जोड़ने की योजना है। सबसे लंबा प्रस्तावित मार्ग अंबाला से पूर्णिया तक 1470 किलोमीटर का है, जबकि गुरुग्राम से पटना की दूरी 1044 किलोमीटर निर्धारित की गई है।
सरकार ने नोटिफिकेशन जारी किया
हरियाणा सरकार ने इस संदर्भ में समझौते का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस पर 30 दिन के भीतर आपत्तियां और सुझाव मांगे गए हैं। यानी अभी बसें चलाने की अंतिम मंजूरी या संचालन की तारीख तय नहीं हुई है। सुझावों पर विचार के बाद समझौते का अंतिम प्रकाशन होने पर ही नई व्यवस्था प्रभावी होगी। खास बात यह है कि मसौदा केवल बसों के रूट तय करने तक सीमित नहीं है। इसमें परमिट की शर्तें, किराया निर्धारण, वाहनों की उम्र, टैक्स की वसूली, प्रदूषण मानकों और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े प्रावधान भी शामिल हैं। दोनों राज्यों के बीच बसों के संचालन की निगरानी और अनधिकृत परिचालन पर रोक लगाने के लिए भी व्यवस्था प्रस्तावित की गई है।
हरियाणा के तीन शहरों से चलेंगी बसें
प्रस्तावित समझौते में पटना और पूर्णिया के लिए हरियाणा के तीनों शहरों से बस मार्ग रखे गए हैं। गया के लिए गुरुग्राम से दो अलग-अलग मार्ग और अंबाला से एक मार्ग प्रस्तावित है। मधुबनी के लिए भी गुरुग्राम, पानीपत और अंबाला से एक-एक मार्ग तय किया गया है।
इन शहरों से गुजरेंगी बसें
- गुरुग्राम से पटना का 1044 किलोमीटर का मार्ग सोहना, पलवल, अलीगढ़, लखनऊ, आलमबाग, आजमगढ़, बक्सर और आरा से होकर गुजरेगा।
- पानीपत से पटना का प्रस्तावित मार्ग 1069 किलोमीटर का है, जो दिल्ली, नोएडा, आजमगढ़, बक्सर और आरा से होकर जाएगा।
- अंबाला से पटना की दूरी 1274 किलोमीटर रखी गई है। इस मार्ग में करनाल, मेरठ, बुलंदशहर, एटा, लखनऊ, अयोध्या, बस्ती, गोरखपुर, कुशीनगर और गोपालगंज शामिल हैं।
पूर्णिया के लिए गुरुग्राम से 1267 किलोमीटर, पानीपत से 1361 किलोमीटर और अंबाला से 1470 किलोमीटर का मार्ग प्रस्तावित है। इन मार्गों में लखनऊ, गोरखपुर, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर और दरभंगा जैसे शहर शामिल हैं। गया के लिए गुरुग्राम से 1081 और 1099 किलोमीटर के दो मार्ग रखे गए हैं।


