Haryana News: दीवाली पर पटाखे फोड़ना पड़ा भारी, घायल 55 लोग PGI पहुंचे, 27 लोगों की आंखों की रोशनी जाने का खतरा

0
61

Haryana News: हरियाणा के अलग-अलग जिलों में दीवाली के दिन पटाखे जलाना कई लोगों को भारी पड़ गया। पटाखे फोड़ने के दौरान आंखों में चोट लगने के बाद 55 लोग पीजीआई चंडीगढ़ इलाज कराने के लिए पहुंचे। इनमें 27 मरीज ऐसे हैं जिनकी आंखों की रोशनी जाने का खतरा है। 12 मरीजों की आंख का गोला तक फट गया है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि ज्यादातर घायल खुद पटाखे नहीं जला रहे थे, बल्कि आसपास खड़े होकर आतिशबाजी देख रहे थे। घायलों में दो साल के बच्चे से लेकर 72 साल के बुजुर्ग तक शामिल हैं।

24 घंटे में 16 मरीज पहुंचे

PGI चंडीगढ़ के नेत्र रोग विभाग के डॉक्टरों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 16 नए मरीज पहुंचे हैं। इनमें ज्यादातर पुरुष हैं। पटाखों से घायल होने वालों में बड़ी संख्या उन लोगों की है, जो केवल तमाशबीन थे। इससे साफ है कि आतिशबाजी के दौरान पटाखे जलाने वालों के साथ आसपास खड़े लोगों की आंखों को भी गंभीर खतरा रहता है।

12 लोगों का आईबॉल फटा

डॉक्टरों के अनुसार, कुल 55 मरीजों में से 12 की आंख का गोला (आईबॉल) फट गया है, जबकि 16 मरीजों की आंखों में बंद चोट आई है। तीन मरीजों की पलकों को भी नुकसान पहुंचा है। ज्यादातर मरीजों की एक आंख प्रभावित हुई है, जबकि एक छोटे बच्चे की दोनों आंखों में चोट लगी है। आंख का गोला फटने वाले मरीजों की स्थिति गंभीर है। डॉक्टरों के लिए इनकी आंखों की रोशनी बचाना बड़ी चुनौती है। सर्जरी के बाद ही पता चल सकेगा कि कितनी रोशनी वापस आ सकती है।

पंजाब से भी पहुंचे मरीज

पिछले 24 घंटे में पहुंचे मरीजों में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और बिहार के मरीज शामिल हैं। इससे पहले पहले दिन चंडीगढ़ से सबसे ज्यादा 17 मरीज PGI पहुंचे थे। उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों से भी घायल इलाज के लिए यहां पहुंचे हैं।

लगातार चल रही सर्जरी

गंभीर मरीजों के इलाज के लिए PGI के नेत्र रोग विभाग में तीन ऑपरेशन टेबल समर्पित किए गए हैं। करीब 20 डॉक्टरों की टीम सर्जरी के लिए तैयार है। लगातार ऑपरेशन किए जा रहे हैं। चार मरीजों की सर्जरी बाकी थी, जिनमें से तीन के ऑपरेशन हो चुके हैं और एक मरीज का ऑपरेशन किया जाना बाकी था।

  • TAGS
  • [post_tags]