महाराष्ट्र के भिवंडी में भीषण हादसा, चार मंजिला इमारत गिरने से 9 लोगों की मौत, कई के मलबे में फंसे होने की आशंका

0
127
mumbai building
महाराष्ट्र के भिवंडी में हादसा हो गया. यहां एक चार मंजिला रिहायशी इमारत अचानक भरभराकर गिर गई

मुंबई. गुरुवार की रात हुए महाराष्ट्र के भिवंडी में एक बड़ा हादसा हो गया. जहां एक तरफ लोग अपने अपने घर में सो रहे थे वहीं दूसरी तरफ एक चार मंजिला रिहायशी इमारत अचानक भरभराकर गिर गई. इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई. वहीं हादसे में कई लोग घायल हो गए. अब भी मलबे में कुछ लोगों के दबे होने की आशंका है. जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची टीम अब भी राहत और बचाव अभियान जुटी हुई है.

महाराष्ट्र के भिवंडी में हुए हादसे के बारे में बात करते हुए नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि उनको इसकी जानकारी देर रात मिली. यह इमारत करीब रात 11:30 बजे ढह गई. इमारत में कुल 48 कमरे थे, जिनमें हर मंजिल पर 12 कमरे बने हुए थे. भवन को पहले ही खतरनाक घोषित किया जा चुका था और हादसे के समय इसमें मरम्मत का काम चल रहा था.

इमारत में पहले आई थीं दरारें

इस घटना को साक्षी रहे स्थानीय लोगों ने इसके बारे में पूरी जानकारी साझा की. उन्होंने बताया कि रात करीब 9 बजे इमारत से तेज दरारों की आवाज आने लगी थी. इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दी गई. मौके पर पहुंची नगर निगम की टीम ने कई परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. इसी दौरान इमारत का ‘बी विंग’ अचानक ढह गया.

मरम्मत कर रहे मजदूर मलबे में दबे

अधिकारियों के मुताबिक मलबे से अब तक 9 शव निकाले जा चुके हैं. इनमें अधिकांश वे मजदूर बताए जा रहे हैं, जो इमारत की मरम्मत का काम कर रहे थे. वहीं 6 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि एक घायल बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. आशंका है कि कुछ और लोग अब भी मलबे में फंसे हुए हैं. घटनास्थल पर नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (NDRF), ठाणे डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (TDRF), स्थानीय फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं. रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए डॉग स्क्वॉड, चार फायर ब्रिगेड, दो एम्बुलेंस और भारी मशीनरी तैनात की गई है. मलबा हटाकर फंसे लोगों को निकालने की कोशिश जारी है.

  • TAGS
  • [post_tags]