Severe Cold Dense Fog: उत्तर से पूर्वोत्तर तक छाया रहा घना कोहरा, 5 दिन तक नहीं राहत के आसार

0
142
Severe Cold Dense Fog
हरियाणा के अंबाला सिटी में सद्दोपुर के पास अंबाला-चंडीगढ़-नेशनल हाईवे पर आज सुबह 9 बजे।

Aaj Samaj (आज समाज), Severe Cold Dense Fog, नई दिल्ली: उत्तर से पूर्वोत्तर तक आज घना कोहरा छाया रहा। उत्तर भारत में कोहरे के साथ भीषण शीतलहर से लोगों की परेशानियां बरकरार हैं। कम विजिबिलिटी के चलते जमीन से आसमान तक यातायात व्यवस्था भी पूरी तरह चरमरा गई है। दिल्ली में 380 से ज्यादा उड़ानों के संचालन में देरी हुई है, 35 को कैंसिल करना पड़ा। वहीं 125 ट्रेनें देरी से चलीं।

महेंद्रगढ़, शहीद भगत सिंह नगर में पारा शून्य से नीचे

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार हरियाणा और पंजाब में कड़ाके की ठंड का सिलसिला जारी है। हरियाणा के महेंद्रगढ़ और पंजाब के शहीद भगत सिंह नगर में पारा शून्य से नीचे चला गया है। अन्य कई शहरों में भी इन दिनों इसी तरह की स्थिति बनी हुई है। आईएमडी अधिकारियों के अनुसार अगले पांच दिन तक उत्तर भारत में घने कोहरे की स्थिति रहने की संभावना है। मैदानी इलाकों में दो दिन भीषण ठंड पड़ सकती है। उत्तर-पश्चिम भारत को भी 3 दिन शीतलहर से मुक्ति नहीं मिलेगी। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में प्रचंड शीतलहर रह सकती है।

लेह व श्रीनगर में माइनस में पहुंचा तापमान

भारी बर्फबारी के चलते जम्मू-कश्मीर, लेह-लद्दाख सहित पहाड़ी राज्यों में बर्फ की चादर बिछी हुई है। लेह में पारा -9 डिग्री, श्रीनगर में -5 डिग्री, मनाली 2 डिग्री, शिमला 5 डिग्री, माउंट आबू 6 डिग्री, उत्तरकाशी 2 डिग्री, देहरादून 3 डिग्री और नैनीताल में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पहाड़ों पर और बर्फबारी होने का अनुमान है।

लुधियाना में तापमान 1 डिग्री सेल्सियस

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 दिन उत्तर भारत में घने से बहुत घना कोहरा रहने की संभावना है। मंगलवार को पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे कम न्यूनतम तापमान लुधियाना में 1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, बिहार के अलग-अलग स्थानों में न्यूनतम तापमान 3- 7 डिग्री और मध्य प्रदेश, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड के कई हिस्सों में 8-10 डिग्री के बीच तापमान रहा।

देश के 6 मेट्रो एयरपोर्ट पर वॉर रूम स्थापित करने के निर्देश

कोहरे में उड़ानें प्रभावित होने से परेशान यात्रियों की परेशानी कम करने व हाल की अप्रिय घटनाओं के दोहराव से बचने के लिए उड्डयन मंत्रालय ने देश के छह मेट्रो एयरपोर्ट पर वॉर रूम स्थापित करने का निर्देश दिया है। नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बताया, एयरपोर्ट व एयरलाइंस मिलकर वॉर रूम स्थापित करेंगे। यहां यात्रियों की समस्या का समाधान किया जाएगा। उड़ानों में देरी से यात्रियों को होने वाली परेशानियों को दूर करने के लिए उड्डयन मंत्रालय ने सोमवार को सभी एयरलाइंस के लिए मानक संचालन पक्रियाओं (एसओपी) का भी ऐलान किया था।

यह भी पढ़ें: 

Connect With Us: Twitter Facebook

SHARE