रात को साढ़े 12 बजे के करीब अपने घर जा रहा था गांव चाबरी का सरपंच रोहताश
Jind News (आज समाज) जींद: हरियाणा के जींद में गत देर रात को एक सरपंच की गोली मारकर हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। सरपंच जींद से काम निपटा कर अपने घर गांव चाबरी लौट रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान रोहताश के रूप में हुई। जोकि गांव चाबरी का सरपंच था। पुलिस ने हत्यारों को पकड़ने के लिए नाकेबंदी कर सर्च अभियान चलाया लेकिन आरोपियों का कुछ पता नहीं चल पाया।
हरियाणा के जींद में सरपंच की गोली मारकर हत्या कर दी। सरपंच रात को जींद से घर की तरफ लौट रहा था। रास्ते में अज्ञात युवकों ने सरपंच के साथ धक्का-मुक्की करते हुए उसकी लाइसेंसी पिस्तौल छीनकर उसके सिर में गोली मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के शव को जींद के सिविल अस्पताल में रखवाया गया है।
सरपंच की लाइसेंसी रिवाल्वर से मारी गोली
जानकारी के अनुसार जींद के चाबरी गांव का सरपंच रोहताश गुरुवार शाम को अपने किसी काम से जींद आया हुआ था। अपना काम निपटाकर रोहताश रात को साढ़े 12 बजे के करीब अपने घर की तरफ आ रहा था।
पिंडारा से रधाना गांव के बीच अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया और उसके साथ छीना-झपटी करते हुए उसकी लाइसेंसी रिवाल्वर निकाल ली और उसको गोली मार दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मृतक के पास ही उसकी लाइसेंसी पिस्तौल भी मिली है।
मूल रूप से सोनीपत के गामड़ी का रहने वाला था रोहताश
रोहताश मूल रूप से सोनीपत के गामड़ी का रहने वाला है लेकिन 25 साल पहले चाबरी गांव में आकर रहने लगा था। यहीं पर उसने अपनी सारी आईडी बनवाई हुई हैं। एमपीएचडब्ल्यू था और गांव में सरपंची के साथ-साथ लोगों को दवा वगैरह भी देता था।
अगस्त 2023 में हुआ चुनाव, रोहताश 197 वोट से जीतकर बना गांव का सरपंच
2022 में हुए सामान्य पंचायती चुनावों में चाबरी और उसके साथ लगते गांव भिड़ताना में पंचायती चुनावों का बहिष्कार किया हुआ था। इस कारण वहां चुनाव नहीं हो पाए। इसके बाद 14 अगस्त 2023 को चाबरी और भिड़ताना गांव में पंचायती चुनाव हुए थे।
चाबरी में सरपंच पद के चुनाव में कुल 1200 में 1029 वोट पोल हुए। जिसमें रोहताश को 611 वोट मिले थे और वह 197 वोटों से जीते थे। हालांकि गांव में किसी के साथ रंजिश थी या नहीं, इसके बारे में अभी कुछ पता नहीं चल पाया है।
ये भी पढ़ें : हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने जारी किए सीईटी एडमिट कार्ड