Hisar News : हॉकी इंडिया ‘ए’ टीम का कैप्टन बना हिसार का संजय कालीरावणा

0
81
Hisar News : हॉकी इंडिया ‘ए’ टीम का कैप्टन बना हिसार का संजय कालीरावणा
Hisar News : हॉकी इंडिया ‘ए’ टीम का कैप्टन बना हिसार का संजय कालीरावणा

अर्जुन अवॉर्ड से भी सम्मानित हो चुके कालीरावणा
(आज समाज) हिसार: हॉकी इंडिया ‘ए’ टीम की कमान हरियाणा के हिसार के रहने वाले संजय कालीरावणा को सौंपी गई है। संजय कालीरावणा पूर्व खेल मंत्री संदीप सिंह के बाद दूसरे हरियाणवी हैं, जिन्हें हॉकी में बतौर कैप्टन देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा। अपने शानदार खेल के लिए भारत सरकार द्वारा इसी वर्ष संजय को अर्जुन अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया था। टीम इंडिया संजय के नेतृत्व में एशिया कप 2025 में प्रतिभाग करेगी।

इस बार एशिया कप के बिहार में होगा, जिसकी तैयारियों के लिए इंडिया टीम आजकल यूरोप में अभ्यास कर रही है। यूरोप टूर पर संजय कालीरावणा की कप्तानी में इंडिया ने आयरलैंड को पहला मुकाबला 6-1 के अंतर से हराया। दूसरा मुकाबला भी इंडिया का आयरलैंड के साथ होगा।

पेरिस ओलंपिक में ब्रांज जीतने वाली टीम के सदस्य रहे संजय

2022 में सीनियर स्तर पर पदार्पण करने के बाद से संजय ने कई पदक हासिल किए। इनमें 2023 एशियाई खेलों और पुरुष एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में स्वर्ण पदक जीतना शामिल है। पेरिस ओलंपिक 2024 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम के सदस्य रहे। इसमें भारतीय टीम ने स्पेन को 2-1 से हराकर कांस्य पदक जीता।

हिसार के गांव डाबड़ा के रहने वाले है संजय, 7 साल की उम्र में हॉकी खेलना किया शुरू

संजय कालीरावणा का जन्म 5 मई, 2001 को हरियाणा के हिसार के डाबड़ा गांव में हुआ था। पिता नेकी राम किसान है। संजय के चाचा के बेटे ने साल 2008 में हॉकी का प्रशिक्षण लेना शुरू किया।

संजय भी उसके साथ जाने लगा। मगर, आर्थिक तंगी के कारण जब वह हॉकी नहीं खरीद सका। इसी दौरान कोच राजेंद्र सिहाग की नजर उस पर पड़ी। उन्होंने प्रशिक्षण लेते देख उसकी काबिलियत पहचानी और उसे हॉकी खरीद कर दी।

जूनियर राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप से मिली पहचान

संजय ने 3 साल तक गांव डाबड़ा में हॉकी खेली। कोच की सलाह के बाद ही संजय ने चंडीगढ़ का रख किया। 2011 में उसे चंडीगढ़ हॉकी अकादमी में शामिल होने के लिए चुन लिया। चंडीगढ़ हॉकी अकादमी में प्रशिक्षण लेते हुए संजय ने हॉकी खेल की सारी बारीकियां सीखीं।

इसके बाद 2015 में संजय ने पांचवीं सब जूनियर राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप के फाइनल में हैट्रिक बनाकर अपनी टीम को जीत दिलाई। संजय ने इसके बाद स्कूल एशिया कप 2017 में भारत अंडर-21 टीम की कप्तानी की, जहां उनकी कप्तानी ने टीम को फाइनल में जीत दिलाई।

जूनियर हॉकी विश्वकप में सर्वाधिक गोल करने वाले भारतीय खिलाड़ी

इसके बाद संजय ने ब्यूनस आयर्स ग्रीष्मकालीन यूथ ओलंपिक में भारतीय टीम के उप-कप्तान की जिम्मेदारी संभाली। संजय ने इस प्रतियोगिता में भारत के लिए रजत पदक जीता। 2021 जूनियर हॉकी विश्व कप में वे 8 गोल के साथ सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बने।

ये भी पढ़ें : आज पूरे हरियाणा में बारिश