Punjab Breaking News : पंजाब के बाढ़ प्रभावित लोगों को 45 दिन में मिलेगा मुआवजा

0
57
Punjab Breaking News : पंजाब के बाढ़ प्रभावित लोगों को 45 दिन में मिलेगा मुआवजा
Punjab Breaking News : पंजाब के बाढ़ प्रभावित लोगों को 45 दिन में मिलेगा मुआवजा

कैबिनेट मंत्रियों ने ससराली और धुस्सी बांध का किया दौरा

Punjab Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़/लुधियाना/जालंधर : बाढ़ प्रभावितों को राहत पहुंचाने के लिए भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सभी कैबिनेट मंत्री, विधायक और अधिकारी प्रभावित लोगों की मदद के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं और बाढ़ प्रभावित लोगों को समय पर सहायता देने तथा उनके पुनर्वास के लिए वचनबद्ध हैं। यह कहना है प्रदेश के कैबिनेट मंत्री बीरेंद्र गोयल व हरदीप सिंह मुंडियां का जो ससराली और धुस्सी बांध के मुरम्मत कार्यों का जायजा लेने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान दोनों मंत्रियों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि बाढ़ से प्रभावित सभी लोगों को 45 दिनों के भीतर मुआवजा बांट दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आंकलन करने के लिए विशेष गिरदावरी पहले से ही युद्धस्तर पर चल रही है।

गाद हटाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश

मंत्रियों ने गाद हटाने के काम को तेज करने और दरिया के असली प्रवाह मार्ग को बहाल करने के लिए अतिरिक्त संसाधनों, जिनमें विशेष फ्लोटिंग एक्सकेवेटर, पोकलेन और जेसीबी शामिल हैं, की तुरंत तैनाती के निर्देश दिए। बता दें कि पंजाब सरकार ने विशेष फ्लोटिंग एक्सकेवेटर को दरिया के प्रवाह को उसके मूल रास्ते की ओर मोड़ने के लिए पहले ही तैनात किया हुआ है। मंत्रियों ने गाद जमा होने से रोकने के लिये अतिरिक्त मशीनरी लगाने और दरिया के वास्तविक प्रवाह को तेजी से बहाल करने के लिए सभी उपलब्ध संसाधन जुटाने के आदेश दिए।

क्षतिग्रस्त घर की मरम्मत के लिए पीड़ित को दिए 50 हजार

इसके बाद राजस्व मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने गांव साहिबाना का दौरा किया और अपनी तनख़्वाह से वहां के निवासी बलबीर सिंह को बाढ़ के कारण उनके घर की क्षतिग्रस्त छत की तत्काल मरम्मत के लिए 50 हजार रुपए नकद दिए। उन्होंने घोषणा की कि पंजाब सरकार की ओर से बलबीर सिंह की और सहायता के लिए अतिरिक्त फंड जारी किए जाएंगे। इसके बाद जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने धुस्सी बांध को मजबूत करने के कार्य का जायजा लेने के लिए गांव मंडाला छन्ना का दौरा किया, जहां ड्रेनेज विभाग की ओर से सैकड़ों वालंटियर्स, संगत और सेना के अधिकारियों के सहयोग से राहत कार्य चल रहे हैं। इस अवसर पर उनके साथ सांसद संत बलबीर सिंह सीचेवाल और अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर जसबीर सिंह भी मौजूद थे।

ये भी पढ़ें : Punjab Assembly Session : पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र 26 सितंबर से होगा शुरू