अस्पताल से छुट्टी मिलते ही की घोषणा, प्रदेश में बाढ़ से पैदा स्थिति और उससे निपटने की बनाएंगे योजना
Punjab Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़/मोहाली : पंजाब सीएम अब बिल्कुल स्वस्थ हैं और वे आज से दोबारा पूरे जोश के साथ प्रदेश की सेवा में जुट जाएंगे। ज्ञात रहे कि स्वास्थ्य खराब होने के चलते सीएम मान पिछले सप्ताह से ही फोर्टिस अस्पताल में दाखिल थे। जिसके बाद उन्हें गुरुवार शाम को छुट्टी दे दी गई। ज्ञात रहे कि अस्पताल में उपचाराधीन रहते हुए भी सीएम मान ने कैबिनेट की बैठक लेकर प्रदेश में बाढ़ से उत्पन्न स्थिति का जायजा लिया था और जरूरी कदम उठाने के निर्देश अपने मंत्रिमंडल को दिए थे।
चंडीगढ़ सरकार आवास पहुंचे सीएम मान
सीएम मान चंडीगढ़ स्थित सरकारी आवास (मुख्यमंत्री आवास) पहुंचे हैं। बीमार होने के चलते मान छह दिन से फोर्टिस में भर्ती थे। उन्हें बीते शुक्रवार रात को तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। अस्पताल से छुट्टी मिलने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान एक्शन मोड में आ गए हैं। अपने आवास पर पहुंचते ही सीएम मान ने बाढ़ राहत कार्यों की पूरी जानकारी मांगी है। बाढ़ राहत कार्यों को लेकर शुक्रवार को हाई लेवल मीटिंग भी बुलाई गई है। यह बैठक चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर होगी। बैठक में सभी विभागों के सेक्रेटरी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा सभी जिलों के डीसी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये बैठक में जुड़ेंगे। पानी उतरने के बाद सफाई और अन्य राहत कार्यों की योजना के बारे में जानकारी साझा की जाएगी।
पंजाब में बाढ़ से हुआ बहुत ज्यादा नुकसान
बाढ़ की वजह से मरने वालों की संख्या 55 हो चुकी है। वीरवार को फाजिल्का और मानसा जिले में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। पठानकोट में लापता हुए लोगों का अभी तक कोई पता नहीं चला है। आपदा प्रबंधन मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने यह जानकारी दी। पानी भले ही उतरने लगा है लेकिन बाढ़ का कहर जारी है। बाढ़ प्रभावित गांवों की संख्या 2214 हो गई है जबकि प्रभावित व्यक्तियों की संख्या 3,88,508 तक पहुंच गई है।
पीएम ने दी 1600 करोड़ की मदद
गत दिनों पजांब दौरे पर आए पीएम मोदी ने पंजाब को 1600 करोड़ रुपए की मदद तुरंत जारी करने के आदेश दिए थे। पीएम ने न केवल बाढ़ ग्रस्त एरिया का हवाई सर्वेक्षण किया बल्कि गुरदासपुर में किसानों और बाढ़ ग्रस्त एरिया में बचाव कार्यों में जुटे बलों के जवानों से बात भी की थी। हालांकि पंजाब सरकार और पंजाब कांग्रेस ने केंद्र द्वारा जारी की गई मदद की घोषणा को नाकाफी बताया हैद्ध