Punjab News : पिछली सरकारों ने पंजाब की शिक्षा प्रणाली को ध्वस्त किया : सीएम

0
81
Punjab News : पिछली सरकारों ने पंजाब की शिक्षा प्रणाली को ध्वस्त किया : सीएम
Punjab News : पिछली सरकारों ने पंजाब की शिक्षा प्रणाली को ध्वस्त किया : सीएम

कहा, पहले सरकारी स्कूल केवल मिड-डे मील वितरण केंद्र समझे जाते थे

Punjab News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि प्रदेश की रिवायती पार्टियों ने कभी भी सरकारी स्कूलों और शिक्षा प्रणाली पर ध्यान नहीं दिया। मान ने कहा कि पिछली सरकारों की दोषपूर्ण नीतियों के चलते ही प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में पिछड़ गया था। मान ने कहा कि पिछली सरकारों ने कभी भी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने की परवाह नहीं की। उन्होंने कहा कि बड़े नेताओं के बच्चे मंहगे कॉन्वेंट स्कूलों में पढ़ते थे, इसलिए वे कभी सरकारी स्कूलों की ओर नहीं देख पाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले सरकारी स्कूल केवल मिड-डे मील के वितरण केंद्र बने हुए थे।

प्रदेश के बच्चों की अब बदल रही तकदीर

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों को स्कूल स्तर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर उनकी तकदीर बदलने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने राज्य में शिक्षा क्रांति की शुरूआत की है, जिसने सामाजिक-आर्थिक दीवारों को तोड़ते हुए विद्यार्थियों के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव लाए हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा क्षेत्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, क्योंकि विद्यार्थियों की भलाई से बढ़कर कुछ भी नहीं।

शिक्षा के क्षेत्र में हम अहम दौर से गुजर रहे

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि पंजाब का शिक्षा क्षेत्र अब महत्वपूर्ण दौर से गुजर रहा है, जिसके चलते सरकारी स्कूलों के परिणाम और अधिक बेहतर होंगे और इससे सरकार के प्रयासों को और अधिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत कर रही है और पंजाब निश्चित रूप से देश भर में रोल मॉडल के रूप में उभरेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार यह सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है कि शिक्षकों की सेवाएं किसी अन्य कार्य के बजाय केवल शिक्षा के उद्देश्य के लिए ही ली जाएं।

ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : पंजाब को हर क्षेत्र में नंबर एक बनाएंगे : मान