
गत दिवस चरखी दादरी, रोहतक, हिसार और जींद हुई बरसात, तापमान में आई गिरावट
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा के पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कैथल, कुरुक्षेत्र और करनाल में आज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इन जिलों में बारिश और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया है। वहीं, शुक्रवार को चार जिलों चरखी दादरी, रोहतक, हिसार और जींद में बरसात हुई थी। इसके अलवा मौसम विभाग ने 11 मई को प्रदेश के पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में बारिश होने का अनुमान जताया है।
इस दौरान बिजली चमक एवं गरजना के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 12 और 13 मई को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। बात अगर प्रदेश के तापमान की करें तो शुक्रवार को 0.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है। सबसे गर्म जिला सिरसा रहा। सिरसा का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
14 मई तक परिवर्तनशील रहेगा मौसम
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 14 मई तक परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर पूर्वी हवाएं चलने की संभावना है। राज्य में एक और पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से बीच बीच में आंशिक बादल, हल्की से मध्यम गति से हवाएं चलने की संभावना है। राज्य में हवाओं व गरज चमक के साथ कहीं कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है।