11 अगस्त से बदलेगा मौसम, मानसून होगा एक्टिव
Chandigarh News, (आज समाज), चंडीगढ़: मौसम विभाग ने आज हरियाणा के फरीदाबाद, नूंह और पलवल तेज बारिश होने का अनुमान जताया है। वहीं गुरुग्राम में शुक्रवार देर रात तक बारिश होती रही है। वहीं, फरीदाबाद में सुबह करीब 5 बजे बूंदाबांदी शुरू हुई, जो बाद में तेज बारिश में बदल गई। इसके बाद से जिले में बारिश जारी है। रविवार को मौसम साफ रहेगा।
लेकिन सोमवार यानी 11 अगस्त से मौसम फिर से करवट लेगा। जिस कारण प्रदेश के कई जिलों में बारिश देखने को मिल सकती है। बता दें कि इस मानसून सीजन में अभी प्रदेश में सर्वाधिक बारिश यमुनानगर में हुई है। यहां आंकड़ा सवा 600 मिमी तक पहुंच गया है।
वहीं चंडीगढ़ मौसम केंद्र ने गुरुग्राम, सोनीपत, झज्जर और फरीदाबाद में साढ़े 10 बजे तक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इनमें से सोनीपत और फरीदाबाद में तेज बारिश शुरू हो चुकी है। बाकी जगहों पर मौसम बना हुआ है।
इन जिलों में भी हो सकती है बारिश
कुरूक्षेत्र, कैथल, जींद, हिसार और भिवानी में 0 से 25 प्रतिशत, जबकि पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और गुरुग्राम में 25 से 50 प्रतिशत बारिश की संभावना है।