Delhi News: CJP के सौरव दास और आशुतोष रांका को नहीं मिली जमानत, 2 दिनों के लिए बढ़ी न्यायिक हिरासत

0
75

Delhi News: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता सौरव दास और आशुतोष रांका को कोर्ट ने सोमवार को बड़ा झटका दिया। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) को पद से हटाने की मांग के समर्थन में विरोध-प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार किए जाने के बाद दोनों की जमानत के लिए अपील की गई थी, लेकिन उन्हें जमानत नहीं मिली। विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट ने दोनों की न्यायिक हिरासत दो दिनों के लिए बढ़ा दी। कोर्ट के इस फैसले पर सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दीपके और लीगल हेड रत्ना सिंह ने प्रतिक्रिया जताई है।

दीपके ने शेयर किया स्क्रीनशॉट

एक्स पर किए गए एक पोस्ट में अभिजीत दीपके ने दो खबरों का स्क्रीनशॉट शेयर किया। एक में सौरव दास और आशुतोष रांका की न्यायिक हिरासत बढ़ने का जिक्र है। वहीं, एक पोस्ट में इलाहाबाद हाई कोर्ट के उस फैसले का जिक्र है जिसमें मर्डर के दोषी की दोषसिद्धि पर रोक लगाई गई। इन दोनों स्क्रीनशॉट को शेयर करते हुए दीपके ने बस ‘फुल स्टॉप’ लिखा है।

‘ऊपरी अदालत में देंगे चुनौती’

कोर्ट के इस फैसले पर सीजेपी की लीगल अफेयर्स हेड रत्ना सिंह ने कहा कि वे इस फैसले को अपर कोर्ट में चुनौती देंगी। यह राइट टू लिबर्टी के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसको सामने कुचला जा रहा है। सामने से दिख रहा है कि क्या किया जा रहा है? अगर उन्हें लग रहा है कि यह सब करके वे हमें डरा देंगे तो वे गलत सोच रहे हैं।

‘कोर्ट में मजाक चल रहा’

रत्ना ने कहा, ”कोर्ट में मजाक चल रहा है। कोर्ट में जो सारी चीजें चल रही हैं, वे मजाक चल रही हैं। मुझे नहीं पता कि इनको अभी कोर्ट भी बोलना चाहिए या नहीं। क्योंकि यहां पर कानून के ऊपर कोई बातचीत नहीं हुई है। क्योंकि यहां पर वकील बोलते गए कि कैसे उनको ज्यूडिशियल कस्टडी नहीं देनी चाहिए… लेकिन कुछ भी नहीं सुना गया है।”

‘श्योरिटी का रीजन दिया’

रत्ना सिंह ने आगे कहा, ”आज भी उन्होंने श्योरिटी का रीजन देकर इन लोगों को ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया है। पहले से एक फेमस जजमेंट है जो कहती है कि अगर श्योरिटी का वेरिफिकेशन होना है या कुछ भी होना है, आप ज्यूडिशियल कस्टडी में नहीं रख सकते। चार दिन से वे लोग यही कर रहे हैं।”

  • TAGS
  • [post_tags]