Bisleri पर FSSAI की बड़ी कार्रवाई, बोतलबंद पानी के नाम पर सेहत से खिलवाड़ का आरोप, अभियोजन को मंजूरी

0
242

नई दिल्ली. पूरे देश में बिकने वाली पानी की बोतल बिसलेरी से जुड़ी खबर से हड़कंप मच गया है. भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की गुणवत्ता को लेकर बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. खाद्य नियामक ने कंपनी के खिलाफ असुरक्षित पेयजल बेचने के मामले में अभियोजन चलाने की मंजूरी दे दी है. जांच के दौरान बिसलेरी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के नमूने निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे थे. प्रयोगशाला की जांच में पानी में ब्रोमेट और पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी सामने आई.

FSSAI ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस कार्रवाई की जानकारी दी. नियामक के मुताबिक, बिसलेरी इंटरनेशनल के परिसर से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर (मिनरल वाटर को छोड़कर) का एक नमूना जांच के लिए लिया गया था. प्रयोगशाला में जांच के दौरान यह नमूना ब्रोमेट की निर्धारित सीमा के अनुरूप नहीं पाया गया. इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत इसे असुरक्षित घोषित कर दिया गया.

बिसलेरी की तरफ से आया क्या बयान

बिसलेरी ने कहा है, “हमें मीडिया में आई उन हालिया खबरों की जानकारी है, जिनमें बताया गया है कि भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी को नोटिस जारी किया है. यह मामला करीब 14 महीने पुराना है. सितंबर 2025 में गोवा स्थित बिसलेरी की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में तैयार किए गए एक बैच से जुड़ा है. यह यूनिट कंपनी के नेटवर्क में शामिल 143 प्लांट में से एक है.

30 सितंबर 2025 को FSSAI ने गोवा स्थित इस प्लांट से पानी के छह सैंपल लिए थे. शुरुआती जांच में पांच सैंपल सभी निर्धारित मानकों पर खरे उतरे. हालांकि, छठे सैंपल में ब्रोमेट का स्तर 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाया गया, जबकि इसकी निर्धारित अधिकतम सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है. बिसलेरी की ओर से 22 नवंबर 2025 को अपील किए जाने के बाद FSSAI ने इस सैंपल को दोबारा जांच के लिए रेफरल लैबोरेटरी में भेजा. रेफरल लैबोरेटरी की जांच में सैंपल में ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर पाया गया, लेकिन अलग से पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी की जानकारी दी गई.

अपील के बाद दोबारा जांच में भी नमूना असुरक्षित

FSSAI के अनुसार, कंपनी की ओर से अपील किए जाने के बाद पानी के नमूने को रेफरल फूड लैबोरेटरी में भेजा गया. वहां भी जांच के दौरान नमूना असुरक्षित पाया गया. इस बार पानी में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी का पता चला. प्रयोगशालाओं से मिले निष्कर्षों के आधार पर नियामक ने माना कि कंपनी ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत असुरक्षित खाद्य पदार्थों से जुड़े प्रावधानों का उल्लंघन किया है. इसके बाद बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ अभियोजन की कार्यवाही को मंजूरी दी गई. ब्रोमेट और PAHs ऐसे रासायनिक पदार्थ हैं जिन्हें कैंसरकारी क्षमता वाले पदार्थों की श्रेणी में रखा जाता है. इनकी मौजूदगी को लेकर खाद्य सुरक्षा के लिहाज से विशेष सतर्कता बरती जाती है.

कई अन्य कंपनियों पर भी FSSAI की कार्रवाई

FSSAI ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में बिसलेरी के अलावा कई अन्य कंपनियों के खिलाफ भी अभियोजन की मंजूरी दिए जाने की जानकारी दी है. इनमें वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड, टिट-बिट फूड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मिमांसा इंडस्ट्रीज और आशा कन्फेक्शनरी शामिल हैं. इसके अलावा खाद्य नियामक ने खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने पर उर्मी लाइफसाइंसेज LLP और गौर आयुर्वेदिक स्टोर के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं.

आशा कन्फेक्शनरी को उत्पाद वापस लेने का आदेश

FSSAI ने आशा कन्फेक्शनरी के खिलाफ उत्पाद रिकॉल का आदेश भी जारी किया है. कंपनी को प्री-पैक चॉकलेट फिल्ड कुकीज बाजार से वापस लेने के निर्देश दिए गए हैं. जांच में इन कुकीज को असुरक्षित पाया गया था.

ई-कॉमर्स कंपनियों और एनर्जी ड्रिंक निर्माताओं पर भी नजर

इस कैलेंडर वर्ष में FSSAI ने खाद्य कारोबार से जुड़ी कंपनियों (FBOs) के खिलाफ निगरानी और प्रवर्तन कार्रवाई तेज की है. इस दायरे में ई-कॉमर्स कंपनियों को भी शामिल किया गया है. इसके साथ ही नियामक ने एनर्जी ड्रिंक बनाने वाली कंपनियों और अल्कोहलिक पेय पदार्थों के निर्माताओं की जांच भी तेज कर दी है. खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए अलग-अलग कंपनियों के उत्पादों की गुणवत्ता पर निगरानी बढ़ाई जा रही है.

  • TAGS
  • [post_tags]