उत्तर प्रदेश में रविवार को हुई घटना ने दिल दहला दिया. जालौन जिले में 22 नवंबर की शाम घरेलू गैस सिलेंडर में हुए भीषण विस्फोट से हड़कंप मच गया. उरई के शांतिनगर मोहल्ले में हुई इस घटना में 13 बच्चों समेत 23 लोग झुलस गए. धमाका इतना तेज था कि मकान का मुख्य गेट उखड़कर दूर जा गिरा. घर में रखा सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में गंभीर रूप से झुलसे 19 लोगों को बेहतर इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है. चार घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है.
पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने इस घटना को लेकर पूरी जानकारी दी. रविवार शाम करीब छह बजे शांतिनगर में पार्षद माता प्रसाद के आवास पर रखे घरेलू गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई. उस समय परिवार के सदस्य और आसपास मौजूद लोग आग बुझाने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया. इसकी चपेट में आने से घर और आसपास मौजूद लोग झुलस गए. इनमें बड़ी संख्या में बच्चे भी शामिल हैं.
विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मकान का मुख्य दरवाजा उखड़कर काफी दूर जा गिरा. धमाके के साथ आग की लपटें दरवाजे से बाहर निकलीं. इसकी चपेट में वहां मौजूद महिलाएं और बच्चे आ गए. घर के अंदर रखा घरेलू सामान भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. आसपास के करीब आधा दर्जन मकानों में भी धमाके का कंपन महसूस किया गया. हादसे में पुष्पेंद्र (25), डॉली (18), राममोहन कुशवाहा (50), रुद्रप्रताप (15), स्वाति (31), मन्नी देवी (60), सोमवती (70), निखिल (17), अमृता (12), उमंग (10), वैष्णवी (8), अंशिका (9), अभि (8), अभिनय (7), खुशबू (30), दयावती (30), दीपेश (13), बबलू (35), कीर्ति (8), अजीत (6), सान्या (4), आकाश, बलराम और दयानंद भारती घायल हुए हैं.
19 घायलों को झांसी मेडिकल कॉलेज भेजा गया
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए. स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया. घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया. मेडिकल कॉलेज उरई में बर्न वार्ड की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण गंभीर रूप से झुलसे 19 लोगों को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. वहीं, चार घायलों का इलाज जिला अस्पताल उरई के बर्न वार्ड में किया जा रहा है. आपातकालीन चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुपम मिश्र ने बताया कि अस्पताल में घायलों का उपचार जारी है. कुछ मरीजों की हालत गंभीर है. प्राथमिक उपचार के बाद जरूरत के मुताबिक मरीजों को उच्च चिकित्सा संस्थान भेजा जाएगा.


