
PM Narender Modi, (आज समाज), नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत विकसित और आत्मनिर्भर बनने के लिए उत्सुक है। आज वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था तेज़ी से बढ़ रही है, भारत एक जीवंत भविष्य की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत न केवल एक उभरता हुआ बाजार है, बल्कि एक उभरता हुआ मॉडल भी है। यही वजह है कि आज दुनिया भारत के विकास को ‘आशा के मॉडल’ की तरह देख रही है।
प्रधानमंत्री ने कई मुद्दों पर खुलकर बात की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली में छठे रामनाथ गोयनका व्याख्यान कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि लोगों ने देखा है कि 21वीं सदी के पिछले 25 साल कितनी तेजी से बीते हैं और एक के बाद एक कई चुनौतियां सामने आईं हैं, बावजूद इसके भारत के विकास को रोका नहीं जा सका है। इस व्याख्यान कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कई मुद्दों पर खुलकर बात की।
राज्य में 1951 के बाद अब तक का सबसे अधिक मतदान हुआ
उन्होंने हाल ही में हुए बिहार विधानसभा चुनावों पर, बिहार के जनादेश पर भी प्रतिक्रिया दी। पीएम मोदी ने कहा कि राज्य में 1951 के बाद अब तक का सबसे अधिक मतदान हुआ है। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों की सोच पर सवाल खड़े करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आखिर चुनाव परिणाम उनकी पार्टी के पक्ष में कैसे आ रहे हैं। आखिर क्यों जीत रही है भाजपा ?
हम चुनाव जीतते हैं क्योंकि हम विकास और कल्याण के लिए 24 घंटे रहते हैं प्रतिबद्ध
उन्होंने कहा की हम चुनाव जीतते हैं क्योंकि हम विकास और कल्याण के लिए 24 घंटे प्रतिबद्ध रहते हैं, जबकि कुछ दल और नेता सामाजिक न्याय के नाम पर केवल अपना स्वार्थ साधने का काम करते हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कांग्रेस सरकार की नीति और नीयत पर तंज कस्ते हुए कहा कि कांग्रेस सरकारों ने ‘शहरी नक्सलियों’ को शीर्ष पद दिए; ‘मुस्लिमलीगी माओवादी कांग्रेस’ अभी भी राष्ट्रीय हित को दरकिनार कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने अंग्रेजी भाषा के मुद्दे पर भी विस्तार से चर्चा की।

