Northeast Weather: पूर्वोत्तर में भारी बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन से 28 लोगों की मौत 

0
124
Northeast Weather
Northeast Weather: पूर्वोत्तर के विभिन्न राज्यों में भारी बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन से 28 लोगों की मौत 
  • मणिपुर में 3,802 लोग प्रभावित, 883 घर क्षतिग्रस्त

Rain Wreaks In Northeast, (आज समाज), इंफाल:  पूर्वोत्तर के विभिन्न राज्यों मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश, असम, मिजोरम, मेघालय और सिक्किम में भारी बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन से पिछले दो दिनों में 28 लोगों की मौत हो गई है। मणिपुर में भी भारी बारिश ने कहर बरपाया है।  पिछले 48 घंटों में राज्य में बाढ़ व भूस्खलन के कारण 3,802 लोग प्रभावित हुए हैं और 883 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। अधिकारियों ने आज यह जानकारी दी।

अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रखा गया

शुक्रवार को हुई बारिश के बाद, क्षेत्र के सभी राज्यों में अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। आईएमडी ने भारी बारिश का कारण बांग्लादेश पर बना दबाव बताया है। अरुणाचल में शुक्रवार रात को नेशनल हाईवे 13 पर भूस्खलन के कारण सात लोगों की मौत हो गई, जिसमें एक वाहन पूर्वी कामेंग जिले के बाना और सेप्पा के बीच खाई में गिर गया। भूस्खलन से संबंधित एक अन्य घटना में लोअर सुबनसिरी जिले में दो लोगों की मौत हो गई।

असम : शनिवार को स्कूल और कॉलेज बंद रहे 

असम का गुवाहाटी शहर शहरी बाढ़ की चपेट में आ गया और बाहरी इलाके बोंडा में भूस्खलन में पाँच लोग मारे गए। गुवाहाटी और कामरूप जिले में शनिवार को स्कूल और कॉलेज बंद रहे और राज्य सरकार ने अपने उन कर्मचारियों के लिए विशेष आकस्मिक अवकाश की घोषणा की जिन्हें काम पर जाना पड़ता है। शनिवार को बाढ़ ने राज्य के कुल 12 जिलों को प्रभावित किया और गोलाघाट तथा लखीमपुर जिलों में बाढ़ से संबंधित घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई।

मिजोरम : 113 स्थानों पर भूस्खलन

मिजोरम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने शनिवार दोपहर तक राज्य भर में 113 स्थानों पर भूस्खलन की सूचना दी और पांच लोगों के मारे जाने की सूचना दी। मेघालय राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने भी पिछले दो दिनों में राज्य में छह लोगों की मौत की सूचना दी है। नागालैंड में शुक्रवार को चुमौकेदिमा जिले में चट्टान गिरने की घटना में एक ट्रक चालक की मौत हो गई।

मणिपुर : नदी के तट टूटे,  बड़ा क्षेत्र जलमग्न

अधिकारियों ने बताया कि मणिपुर की राजधानी इंफाल के कई इलाके और इंफाल पूर्वी जिले के कई हिस्से जलमग्न हो गए हैं, क्योंकि खुरई, हेइंगंग और चेकोन इलाकों में उफनती नदी के तटबंध टूट गए हैं और नदी उफान पर है। राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने इंफाल शहर के कई जलमग्न इलाकों का दौरा किया। वहीं सेना और असम राइफल्स के जवानों ने सबसे ज्यादा प्रभावित जिले इंफाल पूर्वी में जलमग्न इलाकों से करीब 800 लोगों को बचाया।

शनिवार शाम 3275 इलाके भारी बारिश की चपेट में आ चुके थे

एक अधिकारी ने बताया कि मणिपुर में शनिवार शाम तक कुल 3,275 इलाके या गांव भारी बारिश की चपेट में आ चुके
थे। दो लोग घायल भी हुए हैं। 64 जानवरों की मौत की खबर है। उन्होंने बताया कि राज्य भर में कुल 12 भूस्खलन हुए हैं। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि चेकोन इलाके में इंफाल नदी के उफान पर आने के बाद ऑल इंडिया रेडियो इंफाल परिसर और सरकारी जवाहरलाल नेहरू आयुर्विज्ञान संस्थान समेत कई कार्यालयों और प्रतिष्ठानों के परिसर में जलभराव की खबर है। इंफाल पूर्वी जिले में आज इरिल नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया।

यह भी पढ़ें : Northeast: असम, मिजोरम, सिक्किम में भारी बारिश और भूस्खलन से घर-होटल व सड़कें ढहीं, 19 लोगों की मौत, हजारों बेघर