कहा, ईरान नहीं बल्कि अमेरिका लगाएगा होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर शुल्क
West Asia Crisis (आज समाज), वॉशिंगटन : अमेरिका और ईरान के बीच स्थाई शांति समझौता होने के बावजूद भी पश्चिमी एशिया में तनाव समाप्त होने का नाम नहीं ले रहा। एक तरफ जहां एक दिन पहले इजराइल द्वारा लेबलॉन पर हमले के विरोध में ईरान ने दोबारा होर्मुज बंद करने के आदेश जारी कर दिए थे। जिसके चलते दुनिया भर के उन जहाजों के लिए परेशानी खड़ी हो गई जोकि पहले से ही वहां पर फंसे हुए थे।
दूसरी तरफ अमेरिका ने भी ईरान के इस कदम पर सख्त एक्शन लेने का मन बना लिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप नेकहा कि अगर ईरान के साथ अंतिम समझौता नहीं हो पाता है तो वॉशिंगटन होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों पर शुल्क लगा सकता है। उन्होंने कहा कि यह शुल्क पश्चिम एशिया क्षेत्र के लिए संरक्षक की भूमिका निभाने के बदले दी गई सेवाओं के लिए होगा।
समझौते के तहत अगले 60 दिन तक नहीं लगाएंगे शुल्क
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा कि पश्चिम एशिया में संघर्ष समाप्त करने के लिए अमेरिका और ईरान के बीच हुए 14 सूत्रीय समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत लागू 60 दिनों के युद्धविराम के दौरान कोई शुल्क नहीं लगाया जाएगा। अमेरिकी राष्ट्रपति ने लिखा, युद्धविराम की 60 दिनों की अवधि के दौरान होर्मुज जलडमरूमध्य में कोई शुल्क नहीं होगा और 60 दिन पूरे होने के बाद भी कोई शुल्क नहीं होगा, जब तक कि समझौता पूरा नहीं हो जाता। अगर समझौता पूरा नहीं होता है, तो अमेरिका द्वारा और उसके लिए शुल्क लगाया जा सकता है। यह मध्य पूर्व के देशों के लिए संरक्षक की भूमिका निभाने तथा अतीत, वर्तमान और भविष्य में हुए खर्चों की भरपाई के लिए होगा।
ट्रंप को करना पड़ रहा आलोचना का सामना
होर्मुज में शुल्क के मुद्दे को लेकर ईरान के साथ हुए समझौता ज्ञापन पर ट्रंप को अमेरिका में काफी आलोचना का सामना करना पड़ा है। यह समझौता केवल 60 दिनों तक बिना शुल्क के आवाजाही सुनिश्चित करता है और इसके बाद भविष्य में शुल्क लगाए जाने की संभावना को खारिज नहीं करता। अमेरिकी राष्ट्रपति का बयान ऐसे समय में सामने आया है, जब लेबनान में इस्राइली हमलों से भड़के ईरान ने एक बार फिर से होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कर दिया है। ईरान की केंद्रीय सैन्य कमान का कहना है कि उसने दक्षिणी लेबनान पर इस्राइल के हमलों के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कर दिया है। ईरान ने इन हमलों को अमेरिका के साथ हुए समझौते का उल्लंघन बताया है।
ये भी पढ़ें : Weather Update : उत्तर भारत में अगले पांच दिन बारिश-आंधी का अलर्ट


