जम्मू-कश्मीर से लेकर राजस्थान तक बदलेगा मौसम, दक्षिण, पूर्वी और मध्य भारत में मानसून लाएगा बारिश
Weather Update (आज समाज), नई दिल्ली : पिछले कुछ दिन से देश के मौसम वैज्ञानिक लगातार परेशान हैं। दक्षिण-पश्चिमी मानसून पिछले करीब 13 दिन से एक ही जगह पर रुका हुआ है। इसी के चलते देश के ज्यादात्तर हिस्सों में बारिश नहीं हो रही है। जिससे फसलों की रोपाई और बिजाई प्रभावित हो रही है। इसके साथ ही गर्मी का प्रकोप भी लगातार बना हुआ है। इसी बीच अब एक बार फिर से मौसम विभाग ने राहत भरी खबर जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार पूरे देश का मौसम जल्द ही बदलने जा रहा है। उत्तर भारत में यह बदलाव जहां पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते आएगा। वहीं दक्षिण, पूर्वी और मध्य भारत में मानसून इसमें बदलाव लाने जा रहा है। जिसके चलते अगले पांच दिनों के दौरान जम्मू-कश्मीर से लेकर हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान तक गरज और चमक के साथ बारिश होने और 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। इस दौरान, मध्य, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में मानसून के चलते भारी से भारी बारिश होने और आंधी आने की भी संभावना है। कुछ राज्यों में कहीं-कहीं ओले भी गिर सकते हैं।
पंजाब से बिहार तक बना कम दबाव का क्षेत्र
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, वायुमंडल की निचली परत पर पंजाब से बिहार तक एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इन मौसम संबंधी प्रणालियों के चलते जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आने वाले सप्ताह में अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।
हल्की बारिश के साथ चलेंगी हवाएं
इस दौरान हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, दिल्ली, पश्चिमी व पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। इस दौरान इन राज्यों में कुछ-कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान, बिजली कड़कने के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिसकी गति 60 किमी प्रति घंटे तक भी जा सकती है। 24 जून को पश्चिमी राजस्थान में और 24 से 26 जून के दौरान पूर्वी राजस्थान में तेज हवाएं चलने की संभावना है। पूर्वी भारत के अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, ओडिशा, बिहार और झारखंड में बारिश होगी।
ये भी पढ़ें : PM Modi on International Yoga Day : योग दुनिया का सबसे बड़ा सामुदायिक उत्सव बना : मोदी


