अमेरिकी विदेश मंत्री ने दिया खाड़ी देशों को आश्वासन
West Asia Crisis (आज समाज), वॉशिंगटन : अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध समाप्त होने के बाद अब शांति वार्ता का दौर जारी है। इसी बीच अमेरिकी विदेश मंत्री ने इस वार्ता के अहम पहलु पर बोलते हुए कहा है कि हम ईरान के साथ शांति वार्ता के दौरान हर मुद्दे को स्पष्ट तथा स्थाई तौर पर हल करना चाहते हैं। इस दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री ने ईरान के साथ बातचीत के दौरान खाड़ी देशों के हितों की रक्षा का वादा किया है।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि वाशिंगटन अपने खाड़ी सहयोगियों के हितों को सुरक्षित रखेगा। यह बातचीत पश्चिम एशिया में संघर्ष के स्थायी समाधान को लेकर ईरान के साथ की जा रही है। रुबियो इस समय क्षेत्र के दौरे पर हैं, ताकि खाड़ी देशों को भरोसा दिलाया जा सके।
युद्ध के दौरान तेहरान ने इन खाड़ी देशों को मिसाइलों और ड्रोन से निशाना बनाया था। इसके साथ ही ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कर दिया था, जिससे तेल और गैस की आपूर्ति भी रुक गई थी। ईरान ने युद्ध के बाद और अधिक आत्मविश्वास दिखाया है। उसने कहा है कि वह इस अहम जलमार्ग पर अपना नियंत्रण नहीं छोड़ेगा। ईरान ने अमेरिका के साथ हुए शुरूआती समझौते को अमेरिका की हार तक कहा है।
हम एक विचार के साथ आगे बढ़ रहे
कुवैत सिटी की यात्रा के दौरान मार्को रुबियो ने कहा कि अमेरिका और खाड़ी देश इस पूरे मुद्दे पर एक ही विचार के साथ आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका और खाड़ी देश ईरान के साथ स्थायी समाधान को लेकर एक ही दिशा में काम करेंगे।
अमेरिका को अपना दखल बंद करना होगा : बघाई
ईरान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने अमेरिकी विदेश मंत्रालय की एक पोस्ट के जवाब में कहा कि जब तक अमेरिकी दखल जारी रहेगा, तब तक क्षेत्र में शांति संभव नहीं है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, कोई भी इससे धोखा नहीं खाएगा। जब तक अमेरिकी सैन्यवाद और हस्तक्षेप जारी रहेगा, तब तक हमारे क्षेत्र में शांति नहीं हो सकती। साथ ही उसका कब्जा करने वाला सहयोगी (इस्राइल) पूरी छूट के साथ पूरे क्षेत्र में लगातार युद्ध, नरसंहार, आतंकवादी हिंसा और अन्य अत्याचार करता रहेगा।
ये भी पढ़ें : Venezuela Earthquake : वेनेजुएला में लगातार दो बार आया भूकंप, भारी तबाही


