यूएन में ईरान के राजदूत अमीर सईद इरावानी ने दी जानकारी, कहा इन हमलो में 1300 से ज्यादा आम नागरिकों की हुई मौत
US-Iran War Update News (आज समाज), तेहरान : अमेरिका और इजरायल द्वारा संयुक्त रूप से ईरान के खिलाफ शुरू किए गए युद्ध का आज 12वां दिन है। एक तरफ जहां अमेरिका और इजरायल यह ऐलान कर रहे हैं कि उन्होंने इस युद्ध में ईरान को व्यापक क्षति पहुंचाई है और ईरान की सेना को कमजोर किया है। वहीं ईरान की तरफ से यह आरोप लगाया गया है कि ये दोनों देश मिलकर ईरान के नागरिकों को निशाना बना रहे हैं।
यूएन में ईरान के राजदूत अमीर सईद इरावानी के मुताबिक देश में करीब 9600 सिविलियन इलाकों पर हमले हुए हैं। इनमें घरों के अलावा बाजार, अस्पताल, मेडिसिन सेंटर्स और स्कूल भी शामिल हैं। ईरान का कहना है कि अब तक हुए हमलों में 1300 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और करीब 8000 घरों को नुकसान पहुंचा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह दावा किया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका ने होर्मुज स्ट्रेट में माइन बिछाने वाली ईरान की 16 बोट पर हमला कर उन्हें पूरी तरह नष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा कि आगे भी ऐसे हमले किए जाएंगे। इससे पहले अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा है कि मंगलवार को ईरान पर अब तक के सबसे बड़े और सबसे तीव्र हमले किए जाएंगे। इस हमले में बड़ी संख्या में फाइटर जेट और बमवर्षक विमान शामिल होंगे। उन्होंने दावा किया कि ईरान की सैन्य क्षमताएं कमजोर हो रही हैं और वह बुरी तरह हार रहा है।
ईरान ने दिया अमेरिका को सख्त जवाब
ईरान ने भी जवाब देते हुए कहा है कि वह धमकियों से डरने वाला नहीं है और जो लोग ईरान को खत्म करने की बात करते हैं, उन्हें अपने अंजाम के बारे में सोच लेना चाहिए। ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव अली लारीजानी ने कहा कि ईरानी लोग अमेरिका की धमकियों से नहीं डरते। लारीजानी ने कहा कि पहले भी कई ताकतवर लोग ईरान को खत्म करने की कोशिश कर चुके हैं, लेकिन वे सफल नहीं हुए।
लारीजानी ने ट्रम्प को चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग ईरान को मिटाने की बात कर रहे हैं, उन्हें सावधान रहना चाहिए, कहीं ऐसा न हो कि ईरान को मारने के चक्कर में वे खुद ही खत्म हो जाएं। वहीं ईरान ने इजराइल में हाइफा, येरुशलम और तेल अवीव पर भी मिसाइल हमले करने का दावा किया है। युद्ध का असर अमेरिकी सेना पर भी पड़ा है। अमेरिका के रक्षा विभाग के मुताबिक अब तक करीब 140 अमेरिकी सैनिक घायल हुए हैं।


