पुतिन ने ईरान के राष्ट्रपति से की बात, कहा, संघर्ष का समाधान राजनीतिक तरीकों से निकाला जाना चाहिए
West Asia Crisis (आज समाज), मॉस्को : अमेरिका और ईरान के बीच चल रहा युद्ध 12वें दिन में प्रवेश कर चुका है। एक तरफ जहां अमेरिका और इजरायल के हमलों से ईरान को काफी ज्यादा नुकसान हो चुका है। वहीं ईरान ने भी कई देशों पर हमले किए हैं। इस युद्ध का असर पश्चिम एशिया के साथ-साथ पूरे विश्व पर पड़ रहा है। इसी बीच पिछले कुछ दिन से रूस और चीन की तरफ से भी युद्ध को लेकर बयान जारी किए जा रहे हैं। रूसी राष्ट्रपति ने जहां सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति से बात की थी वहीं मंगलवार को पुतिन ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान से फोन पर बातचीत की। इस दौरान पुतिन ने कहा कि युद्ध जल्द रोका जाना चाहिए और क्षेत्र में तनाव कम करना जरूरी है।
रूसी राष्ट्रपति कार्यालय ने दी यह जानकारी
रूस के राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन के मुताबिक पुतिन ने बातचीत के दौरान अपने रुख को दोहराते हुए कहा कि इस संघर्ष का समाधान राजनीतिक तरीकों से निकाला जाना चाहिए। फोन कॉल के दौरान पजशकियान ने रूस के समर्थन और मानवीय सहायता के लिए आभार जताया। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भी बताया था कि उनकी पुतिन से फोन पर बातचीत हुई है। ट्रम्प के मुताबिक दोनों नेताओं ने ईरान युद्ध और यूक्रेन के हालात पर चर्चा की थी। ट्रम्प ने कहा कि पुतिन ने ईरान युद्ध को खत्म कराने में मदद की पेशकश की है, हालांकि उन्होंने पुतिन से कहा कि अगर वे रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म कराने में मदद करें तो यह ज्यादा बेहतर होगा।
नागरिक एरिया को निशाना बना रहा अमेरिका
ईरान की तरफ से यह आरोप लगाया गया है कि ये दोनों देश मिलकर ईरान के नागरिकों को निशाना बना रहे हैं। यूएन में ईरान के राजदूत अमीर सईद इरावानी के मुताबिक देश में करीब 9600 सिविलियन इलाकों पर हमले हुए हैं। इनमें घरों के अलावा बाजार, अस्पताल, मेडिसिन सेंटर्स और स्कूल भी शामिल हैं। ईरान का कहना है कि अब तक हुए हमलों में 1300 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और करीब 8000 घरों को नुकसान पहुंचा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह दावा किया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका ने होर्मुज स्ट्रेट में माइन बिछाने वाली ईरान की 16 बोट पर हमला कर उन्हें पूरी तरह नष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा कि आगे भी ऐसे हमले किए जाएंगे। इससे पहले अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा है कि मंगलवार को ईरान पर अब तक के सबसे बड़े और सबसे तीव्र हमले किए जाएंगे। इस हमले में बड़ी संख्या में फाइटर जेट और बमवर्षक विमान शामिल होंगे। उन्होंने दावा किया कि ईरान की सैन्य क्षमताएं कमजोर हो रही हैं और वह बुरी तरह हार रहा है।
ये भी पढ़ें : US-Iran War Update News : यूएस-इजरायल ने 9600 नागरिक इलाकों पर हमला किया : ईरान


