24 घंटे में एक भी जहाज ने नहीं पार किया होर्मुज
West Asia Crisis (आज समाज), तेहरान : अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव का असर सीधा होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले दुनिया भर के जहाजों पर पड़ रहा है। अमेरिका ने इस क्षेत्र से जहाजों के सुरक्षित आवाजाही के लिए आॅपरेशन फ्रीडम चलाने की घोषणा की लेकिन दो दिन बाद ही इसे बंद कर दिया। इसके बाद यह महत्वपूर्ण रास्ता फिर से बंद हो गया। हालात यह बन चुके हैं कि होर्मुज जलक्षेत्र में वर्तमान में करीब 1600 जहाज फंसे हुए हैं और बीते 24 घंटे में एक भी जहाज इस क्षेत्र से नहीं गुजर पाया है।
रोजाना 130 जहाज गुजरते थे
यह वही रास्ता है जहां से सामान्य दिनों में रोजाना 130 से ज्यादा जहाज आते-जाते थे। इस स्थिति ने वैश्विक तेल सप्लाई, व्यापार और समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। वहीं एक बड़े घटनाक्रम में रूसी मीडिया ने मरीन ट्रैफिक डेटा के हवाले से बताया कि अमेरिका-ईरान संघर्ष के बाद इस इलाके में जहाजों की आवाजाही लगभग पूरी तरह रुक गई है। दूसरी ओर अलजजीरा की रिपोर्ट के अनुसार खाड़ी देशों ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में एक प्रस्ताव लाने की तैयारी शुरू कर दी है। इस प्रस्ताव में ईरान पर आरोप लगाया गया है कि वह होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों पर हमले कर रहा है और ‘गैरकानूनी टोल’ वसूल रहा है।
संयुक्त राष्टÑ से यह अपील की
कतर, बहरीन और संयुक्त अरब अमीरात के वरिष्ठ राजनयिकों ने संयुक्त राष्ट्र में कहा कि इस समुद्री मार्ग पर पहले जैसी सामान्य आवाजाही बहाल करना बेहद जरूरी है। यह प्रस्ताव सऊदी अरब, कुवैत और अमेरिका के साथ मिलकर तैयार किया जा रहा है। इसमें ईरान से मांग की गई है कि वह समुद्री रास्ते में बिछाई गई सभी बारूदी सुरंगों की जानकारी दे और राहत सामग्री, खाद तथा जरूरी सामान पहुंचाने के लिए संयुक्त राष्ट्र की मानवीय सहायता व्यवस्था में सहयोग करे।
ये भी पढ़ें : Russia-Ukraine War Update : अंत की तरफ बढ़ रहा रूस-यूक्रेन युद्ध : पुतिन


