कहा, विश्व व्यापार के लिए सबसे अहम मार्ग की सुरक्षा के नजदीक पहुंची अमेरिकी और इजरायल सेना
West Asia Crisis (आज समाज), वॉशिंगटन : पश्चिम एशिया में अमेरिका-इस्राइल और ईरान के बीच जारी युद्ध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और उसके सहयोगी होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के करीब पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि ईरान और उसके समर्थित समूह इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग पर खतरा पैदा कर रहे थे। ट्रंप के अनुसार सैन्य कार्रवाई का उद्देश्य इस मार्ग को सुरक्षित बनाना है ताकि वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि जब यह खतरा खत्म हो जाएगा तो तेल की कीमतों में भी गिरावट देखने को मिल सकती है।
ईरान के खिलाफ हमारे पास निर्णायक बढ़त
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और इस्राइल इस युद्ध में निर्णायक बढ़त बना चुके हैं और उनका सैन्य अभियान अपने लक्ष्यों के करीब पहुंच चुका है। साथ ही उन्होंने दोहराया कि अमेरिका किसी भी हालत में ईरान को परमाणु हथियार बनाने नहीं देगा। हालांकि दूसरी ओर ईरान में नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के समर्थन में सत्ता तंत्र की एकजुटता यह संकेत दे रही है कि तेहरान फिलहाल पीछे हटने के मूड में नहीं है।
हमने मिलकर बेहद शक्तिशाली अभियान चलाया
ट्रंप ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में अमेरिका और इस्राइल ने ईरान के खिलाफ बेहद शक्तिशाली सैन्य अभियान चलाया है। उनके अनुसार इस कार्रवाई से ईरान की कई सैन्य क्षमताओं को बड़ा नुकसान हुआ है। ट्रंप ने यह भी कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ईरान के परमाणु कार्यक्रम और मिसाइल क्षमता को कमजोर करना है। हालांकि युद्ध के बीच ईरान के भीतर राजनीतिक और धार्मिक समूहों ने नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई के समर्थन में प्रदर्शन कर यह संदेश दिया है कि देश दबाव में झुकने वाला नहीं है।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और इस्राइल ने दुनिया के सबसे जटिल और शक्तिशाली सैन्य अभियानों में से एक को अंजाम दिया है। उन्होंने दावा किया कि इस कार्रवाई के दौरान ईरान की नौसेना को भारी नुकसान हुआ है और उसके कई सैन्य ठिकाने नष्ट कर दिए गए हैं। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका अपने सैन्य लक्ष्यों को तेजी से हासिल कर रहा है और युद्ध अपने निर्णायक चरण की ओर बढ़ रहा है।
ये भी पढ़ें : Rajasthan Accident News : राजस्थान में खुदाई के दौरान गिरी मिट्टी, सात की मौत


