Rajasthan Accident News : राजस्थान में खुदाई के दौरान गिरी मिट्टी, सात की मौत

0
327
Rajasthan Accident News : राजस्थान में खुदाई के दौरान गिरी मिट्टी, सात की मौत
Rajasthan Accident News : राजस्थान में खुदाई के दौरान गिरी मिट्टी, सात की मौत

हादसे में कई गंभीर रूप से घायल, बढ़ सकती है मृतकों की संख्या

Rajasthan Accident News (आज समाज), भिवाड़ी : राजस्थान के भिवाड़ी में हुए एक दर्दनाक हादसे में सात मजदूरों की मिट्टी के नीचे दबने से मौत हो गई। इसके साथ ही कई अन्य का भी दम घुट गया। जिन्हें बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। घायलों में कई की हालत गंभीर है। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा राजस्थान के भिवाड़ी जिले के सीमावर्ती हरियाणा क्षेत्र में दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-48) पर सोमवार रात को हुआ। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से मलबा हटाकर मजदूरों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया गया।

आवासीय परियोजना का चल रहा था कार्य

कापड़ियावास गांव के पास निर्माणाधीन आवासीय परियोजना में मिट्टी की खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी ढह गई, जिससे कई श्रमिक उसके नीचे दब गए। हादसे में अब तक सात मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कुछ अन्य को घायल अवस्था में बाहर निकाला गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। जानकारी के अनुसार हाईवे पर होटल राव के सामने स्थित निमार्णाधीन सोसाइटी में बेसमेंट के लिए गहरी खुदाई का काम चल रहा था। यह परियोजना रियल एस्टेट कंपनी सिग्नेचर ग्लोबल की बताई जा रही है। इसी दौरान अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा धंस गया और वहां काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए।

हादसे में इन लोगों की गई जान

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार मलबे से अब तक सात मजदूरों के शव निकाले जा चुके हैं। कुछ अन्य श्रमिकों को घायल अवस्था में बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आशंका जताई जा रही है कि हादसे के समय वहां कई मजदूर काम कर रहे थे, इसलिए राहत कार्य देर रात तक जारी रहा। डॉक्टरों ने सतीश, भागीरथ, मिलन, मंगोल, शिव शंकर, परमेश्वर समेत सात मजदूरों को मृत घोषित कर दिया, जबकि चार मजदूर छोटेलाल, शिवकांत, दीन दयाल, इंद्रजीत की हालत गंभीर है। इनका अस्पताल में ही इलाज चल रहा है।

  • TAGS
  • [post_tags]